वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से राजकीय डिग्री महाविद्यालय मिर्जापुर का शुभारंभ, उच्च शिक्षा को मिली नई दिशा

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से राजकीय डिग्री महाविद्यालय मिर्जापुर का शुभारंभ, उच्च शिक्षा को मिली नई दिशा

जनक्रांति कार्यालय से अनुमंडल ब्यूरो चीफ अनीस कुमार सिंह की रिपोर्ट 
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के 211 प्रखंडों में एक साथ डिग्री कॉलेजों का किया उद्घाटन, समस्तीपुर में डीएम रोशन कुशवाहा ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ

समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 15 जुलाई, 2026)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार के 211 प्रखंडों में नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों का एक साथ शुभारंभ किया। इसी क्रम में विद्यापति प्रखंड के मिर्जापुर स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का भी विधिवत शुभारंभ किया गया।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी महताब अंसारी, अंचलाधिकारी कुमार हर्ष, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार, प्रखंड प्रमुख कृष्णा देवी, प्रखंड अध्यक्ष रंजीत सिंह (टुनटुन सिंह), प्रदेश महासचिव धीरेंद्र कुमार सिंह, मुखिया विवेकानंद सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी +2 विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय झा ने निभाई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मिर्जापुर में वर्तमान शैक्षणिक सत्र से छह विषयों में स्नातक स्तर की पढ़ाई शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि अगले शैक्षणिक सत्र से कला, विज्ञान और वाणिज्य तीनों संकायों में पठन-पाठन प्रारंभ करने की योजना है। इससे विद्यापति एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
महाविद्यालय के शुभारंभ से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक व सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments