बीस सूत्री समिति की बैठक में विभागीय कार्यशैली पर उठे सवाल

बीस सूत्री समिति की बैठक में विभागीय कार्यशैली पर उठे सवाल

जनक्रांति कार्यालय से अनुमंडल ब्यूरो अनीस कुमार सिंह की रिपोर्ट 
नल-जल, बिजली व सीडीपीओ विभाग के प्रति जताई गई नाराजगी, बीडीओ ने दिए कार्य में सुधार के निर्देश

विद्यापति नगर/समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 16 जुलाई, 2026)। विद्यापतिनगर प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकांश विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि कुछ विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बनी।
बैठक के दौरान नल-जल योजना, विद्युत विभाग तथा सीडीपीओ कार्यालय के कार्यों को लेकर सदस्यों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। बीस सूत्री समिति के अध्यक्ष रंजीत सिंह (टुनटुन सिंह) ने संबंधित विभागों की कार्यशैली पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों से अपने कार्यों में सुधार लाने, जिम्मेदारियों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने की अपील की।
समिति के सदस्य रंजीत राय ने कहा कि सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से समझते हुए तत्परता के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में अर्चना कुमारी, मो. करुण, रामउदगार महतो, संजीत सहनी, अविनाश भारद्वाज एवं प्रखंड प्रमुख कृष्णा देवी सहित अन्य सदस्यों ने भी विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों से अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनने की अपील की।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महताब अंसारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह सजग रहे तथा भविष्य में जन शिकायतों की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।
बैठक में अंचलाधिकारी (सीओ), बीपीआरओ तथा थाना प्रतिनिधि की अनुपस्थिति भी देखने को मिली, जिस पर सदस्यों ने चिंता व्यक्त की।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments