आवास योजना चयन में मनमानी, अनियमितता एवं घूसखोरी पर रोक लगे : सुरेंद्र प्रसाद सिंह
आवास योजना चयन में मनमानी, अनियमितता एवं घूसखोरी पर रोक लगे : सुरेंद्र प्रसाद सिंह
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
आवास योजना में दलितों-गरीबों को प्राथमिकता देने की खेग्रामस की मांग : ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह
ताजपुर/समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 18 जुलाई 2026)। भाकपा माले एवं बिहार प्रदेश खेत मजदूर सभा (खेग्रामस) की ओर से ताजपुर प्रखंड के मोतीपुर गांव में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान ग्रामीणों ने आवास योजना, राशन कार्ड, पेंशन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में अनियमितता और लाभ से वंचित किए जाने की शिकायतें रखीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के चयन में व्यापक मनमानी, अनियमितता और घूसखोरी की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने सरकार एवं प्रशासन से पात्र लाभुकों का पारदर्शी चयन सुनिश्चित करने तथा भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की।
वहीं किसान नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने कहा कि आवास योजना में दलितों, गरीबों, भूमिहीनों एवं जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में गरीब परिवार पक्के मकान से वंचित हैं, जबकि कई अपात्र लोगों को योजना का लाभ मिल रहा है।
जनसंवाद के बाद सुरेंद्र प्रसाद सिंह, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह एवं ललन दास के नेतृत्व में खेग्रामस का सदस्यता अभियान चलाया गया, जिसमें 100 से अधिक लोगों को संगठन की सदस्यता दिलाई गई।
नेताओं ने ग्रामीणों से आगामी 25 जुलाई को ताजपुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाग लेकर उसे सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वासभूमि, आवास, राशन कार्ड, पेंशन तथा अन्य जनसमस्याओं के समाधान के लिए यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेग्रामस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments