छात्र-युवा आक्रोश दिवस पर समस्तीपुर शहर में निकला जुलूस, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

छात्र-युवा आक्रोश दिवस पर समस्तीपुर शहर में निकला जुलूस, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
भाकपा माले एवं आरवाईए ने राष्ट्रव्यापी अह्वान पर निकाला आक्रोश मार्च

समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 20 जुलाई 26)। पेपर लीक, शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा की मांग एवं जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में सोमवार को आरवाईए एवं भाकपा-माले के बैनर तले समस्तीपुर शहर के स्टेडियम गोलंबर से आक्रोश मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।
    जुलूस में शामिल छात्र-युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा लगातार हो रहे पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि पेपर लीक और परीक्षा में धांधली से लाखों छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। सरकार इस गंभीर समस्या पर अंकुश लगाने में विफल रही है।
  सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले जिला सचिव प्रो० उमेश कुमार ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार, परीक्षा संचालन में अनियमितता और छात्रों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन चल रहा है। अपने अध्यक्षीय संबोधन में आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
   सभा का संचालन करते हुए भाकपा माले जिला स्थाई समिति सदस्य सह आइसा-आरवाईए जिला प्रभारी सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं के समाधान, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की गारंटी के लिए संघर्ष जारी रहेगा। कार्यक्रम में राजद के शाहिद हुसैन, राम विनोद पासवान, डा० सुरज कुमार दास, पूर्व पार्षद अर्जुन राय, भाकपा माले जिला स्थाई समिति सदस्य ललन कुमार, महावीर पोद्दार, जीबछ पासवान, माले जिला कमिटी सदस्य अनील कुमार चौधरी, रामचंद्र पासवान, डा० खुर्शीद खैर, उपेंद्र राय, दीनबंधु प्रसाद, दिनेश साह, आफताब आलम, आरवाईए के तनंजय प्रकाश, ललन कुमार उर्फ कुंदन राय समेत बड़ी संख्या में भाकपा माले, आरवाईए समेत उपस्थित थे। तत्पश्चात मार्च समाहरणालय, ऑवरब्रीज चौराहा, महिला काॅलेज, नगर एवं मुफस्सिल थाना होते हुए आइसा द्वारा कर्पूरी स्थल पर जारी सभा में शामिल हो गया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments