भारत-अमेरिका कृषि व्यापार समझौते के विरोध में किसानों का मार्च, ट्रंप-मोदी का पुतला दहन
भारत-अमेरिका कृषि व्यापार समझौते के विरोध में किसानों का मार्च, ट्रंप-मोदी का पुतला दहन
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर समस्तीपुर में प्रदर्शन; कृषि भूमि के कॉरपोरेट अधिग्रहण और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन कार्यालय न्यूज डेस्क 22 जुलाई 2026)। संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर भारत-अमेरिका प्रस्तावित कृषि व्यापार समझौते को रद्द करने, कृषि भूमि की कॉरपोरेट लूट पर रोक लगाने और किसानों के हितों की रक्षा की मांग को लेकर मंगलवार को समस्तीपुर शहर में किसान संगठनों ने विरोध मार्च निकाला।
मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए स्टेशन चौराहा पहुंचा, जहां सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान किसान नेताओं ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका कृषि व्यापार समझौते को देश की खेती, किसानों और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदेह बताया।
वक्ताओं ने कहा कि खेती और कृषि भूमि को कॉरपोरेट कंपनियों के हवाले करने वाली नीतियों के खिलाफ किसानों का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने 12 सैटेलाइट टाउनशिप और टोपो लैंड के नाम पर लैंड पूलिंग के माध्यम से कृषि भूमि के कथित अधिग्रहण की योजनाओं को वापस लेने की मांग की।
किसान नेताओं ने पेपर लीक के लिए जिम्मेदार शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान और छात्रों पर लाठीचार्ज एवं आंसू गैस के इस्तेमाल के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की भी मांग की।
सभा की अध्यक्षता बिहार राज्य किसान सभा के जिला संयोजक अनिल प्रसाद ने की। इस दौरान जिला किसान कौंसिल के जिला मंत्री सत्यनारायण सिंह, संयुक्त सचिव उपेंद्र राय, दिनेश राय, भूषण महतो, सुरेंद्र कुमार, बिगन पटेल, अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सचिव ललन कुमार, जिलाध्यक्ष महावीर पोद्दार, सुनील कुमार, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, अनिल चौधरी, मो. उस्मान, सोनेलाल पासवान, प्रो. उमेश कुमार, बिहार राज्य किसान सभा के महासचिव रामचंद्र महतो, सुरेंद्र कुमार सिंह मुन्ना, रामरतन सिंह राकेश, शंकर साह, शंभू चौधरी सहित बड़ी संख्या में किसान, खेत मजदूर और ग्रामीण मौजूद रहे।
सभा के अंत में प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार की कृषि एवं आर्थिक नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और किसान हितों की रक्षा के लिए संघर्ष को और तेज करने का संकल्प लिया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments