पेपर लीक के खिलाफ बिहार बंद के समर्थन में ताजपुर में आइसा-आरवाईए का प्रदर्शन

पेपर लीक के खिलाफ बिहार बंद के समर्थन में ताजपुर में आइसा-आरवाईए का प्रदर्शन

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
छात्रों पर पुलिसिया दमन के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर एनएच जाम किया, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे समेत कई मांगें उठाईं

ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 25 जुलाई 2026)। पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर तथा बिहार राजभवन मार्च में छात्रों पर पुलिसिया दमन के विरोध में बिहार बंद का आह्वान किया गया। 
बंद के समर्थन में शनिवार को ताजपुर में आइसा और आरवाईए के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचे और कुछ समय के लिए सड़क जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आंदोलनकारियों ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। साथ ही आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्रों और युवाओं को तत्काल रिहा करने, आंदोलनकारियों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने, नीट को भंग करने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को रद्द करने तथा उच्च शिक्षा विधेयक वापस लेने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। 
उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर दमनात्मक कार्रवाई करने की नीति छोड़नी चाहिए।
आइसा-आरवाईए कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बिहार बंद को सफल बनाने की अपील करते हुए आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments