जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस की पंचायत स्तरीय बैठक, बीडीओ को सौंपा जाएगा मांग पत्र

जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस की पंचायत स्तरीय बैठक, बीडीओ को सौंपा जाएगा मांग पत्र

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
काकर में आयोजित बैठक में महंगाई, किसानों की समस्या, नीट परीक्षा में कथित अनियमितता, राशन कार्ड से नाम हटाने और प्रशासनिक मनमानी सहित कई मुद्दों पर हुई चर्चा


शिवाजीनगर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 12 जुलाई, 2026)। शिवाजीनगर प्रखंड के काकर पंचायत में कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता जितेंद्र महतो के आवास पर रविवार को पंचायत स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति भी तय की गई।
बैठक में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, किसानों की समस्याएं,
 सरकारी पदाधिकारियों की कथित मनमानी, नीट परीक्षा में छात्रों के साथ हुई कथित अनियमितता एवं भ्रष्टाचार, राशन कार्ड से गरीब एवं पात्र लाभुकों के नाम हटाए जाने सहित कई मुद्दों पर चिंता जताई। नेताओं ने कहा कि इन समस्याओं का असर सीधे आम लोगों पर पड़ रहा है और सरकार तथा प्रशासन को इस दिशा में गंभीरता से कदम उठाने की आवश्यकता है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पंचायत एवं प्रखंड स्तर की सभी प्रमुख जनसमस्याओं को शामिल करते हुए एक विस्तृत मांग पत्र तैयार किया जाएगा। यह मांग पत्र जल्द ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन भी करेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाती रही है और आगे भी किसानों, युवाओं, छात्रों तथा गरीबों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता जितेंद्र महतो सहित कई स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा  प्रकाशित व प्रसारित।

Comments