पेपर लीक के विरोध में आइसा ने निकाला मशाल जुलूस, बिहार बंद सफल बनाने की अपील
पेपर लीक के विरोध में आइसा ने निकाला मशाल जुलूस, बिहार बंद सफल बनाने की अपील
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
छात्रों की मांगों को लेकर समस्तीपुर में प्रदर्शन; केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, एनटीए भंग करने और गिरफ्तार छात्रों की रिहाई की मांग
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ 24 जुलाई 2026)। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को बिहार बंद की पूर्व संध्या पर आइसा (ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन) के बैनर तले समस्तीपुर में मशाल जुलूस निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, आंदोलन के दौरान गिरफ्तार छात्रों एवं युवाओं की रिहाई, छात्रों पर दर्ज मुकदमों की वापसी, एनटीए को भंग करने तथा छात्र आंदोलनों पर पुलिसिया कार्रवाई बंद करने की मांग की।
मशाल जुलूस का नेतृत्व आइसा के जिला अध्यक्ष लोकेश कुमार, जिला सचिव लोकेश राज एवं जिला उपाध्यक्ष दीपक यादववंशी ने किया। जुलूस मालगोदाम चौक से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए स्टेशन चौक स्थित गांधी स्मारक पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी की, जिसके बाद सभा आयोजित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
वक्ताओं ने आंदोलन के दौरान गिरफ्तार छात्रों एवं युवाओं को अविलंब रिहा करने, उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा छात्र आंदोलनों पर पुलिसिया दमन बंद करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनदबाव आवश्यक है।
आइसा नेताओं ने समस्तीपुर जिले के छात्रों, युवाओं एवं आम नागरिकों से बिहार बंद में बढ़-चढ़कर भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की।
सभा को सोनू कुशवंशी, गोलू यादव, अभिषेक चौधरी, धीरज कुमार, आशीष देव, अंशु कुमार, राकेश कुमार, अग्रसेन, अनिरुद्ध, सौरभ, कुंदन, भाकपा (माले) के प्रो. उमेश कुमार, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, ललन कुमार, अशोक कुमार, जयंत कुमार, द्रख्शा जबीं, तौफीक आलम एवं आफताब आलम सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments