बहेड़ी थाने के भ्रष्टाचार के खिलाफ चिंटू सिंह का आमरण अनशन पांचवें दिन भी जारी, प्रशासन से वार्ता बेनतीजा
बहेड़ी थाने के भ्रष्टाचार के खिलाफ चिंटू सिंह का आमरण अनशन पांचवें दिन भी जारी, प्रशासन से वार्ता बेनतीजा
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
120 घंटे से अधिक समय से अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता ने थानाध्यक्ष के निलंबन और स्वतंत्र जांच की मांग दोहराई
दरभंगा,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 18 जुलाई, 2026)। बहेड़ी थाना क्षेत्र में कथित भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और आम लोगों के उत्पीड़न के खिलाफ सामाजिक कार्यकर्ता रविन्द्र नाथ सिंह उर्फ ‘चिंटू सिंह’ का आमरण अनशन शनिवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। वे 120 घंटे से अधिक समय से लहेरियासराय स्थित वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समीप अनशन पर बैठे हैं।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि अब तक जिला प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी अनशन स्थल पर नहीं पहुंचा है। शनिवार को बहादुरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम ने अनशन स्थल पर पहुंचकर श्री सिंह के स्वास्थ्य की जांच की और उनकी स्थिति सामान्य बताई। हालांकि, आंदोलनकारियों ने अनशन स्थल पर पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराए जाने का आरोप लगाया है।
श्री चिंटू सिंह ने शपथ पत्र के माध्यम से बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज गुप्ता और अवर निरीक्षक रौशन कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपों में शिकायतों को दबाना, संज्ञेय अपराधों में प्राथमिकी दर्ज करने में विलंब, सरकारी कार्यों के नाम पर कथित अवैध वसूली तथा आपराधिक तत्वों को संरक्षण देने जैसी बातें शामिल हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मिथिला विकास संगठन के संस्थापक विकाश फूल ने बताया कि शनिवार को ग्रामीण पुलिस अधीक्षक साक्षी कुमारी के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारी अनशन स्थल पर पहुंचे और निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर अनशन समाप्त कराने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में वार्ता भी हुई, लेकिन किसी ठोस निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद श्री चिंटू सिंह ने अपना आमरण अनशन जारी रखने का निर्णय लिया।
समाजसेवी कालीचरण यादव ने कहा कि यह लड़ाई अब किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि आम जनता के अधिकार और न्याय से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा और कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, श्री चिंटू सिंह ने कहा कि जब तक वे स्वयं अनशन स्थल पर आकर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं करते और बहेड़ी थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।
आंदोलनकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के नेतृत्व में पत्रकारों की उपस्थिति में स्वतंत्र जांच समिति गठित करने की मांग की है। साथ ही बहेड़ी थाना के सीसीटीवी फुटेज, आगंतुक पंजी और मालखाना पंजी की गहन जांच, दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई तथा बिना पर्याप्त साक्ष्य के जारी प्रतिवेदनों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।
श्री सिंह ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्तिगत द्वेष से प्रेरित नहीं है। इसका उद्देश्य आम लोगों को समय पर न्याय दिलाना, थाने की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना और पुलिस व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करना है।
आंदोलन के दौरान सुनील राम, संतोष लाल देव, कुमुद राम, लक्ष्मण साहू, कृष्ण कुमार, विजय महतो और नवीन कुमार सहित कई पीड़ित मौजूद रहे।
मौके पर मिथिला विकास संगठन के संस्थापक विकाश फूल, समाजसेवी कालीचरण यादव, मुकेश कुशवाहा, सोनू सिंह, मनीष कुमार, कृष्ण कुमार, अशोक सिंह, अनिकेत कुमार अंशु, भाजपा प्रवक्ता, समस्तीपुर, नासिर हुसैन सहित सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments