हड़ताली सफाईकर्मियों ने निकाला जुलूस, नगर निगम कार्यालय का किया घेराव

हड़ताली सफाईकर्मियों ने निकाला जुलूस, नगर निगम कार्यालय का किया घेराव

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 

नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा और बकाया भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 30 जुलाई 2026 )। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन के तहत हड़ताल पर बैठे समस्तीपुर नगर निगम के सफाईकर्मियों ने गुरुवार को शहर में जुलूस निकालकर समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर सरकार और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व पटना नगर निगम संयुक्त कर्मचारी समन्वय समिति और बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के नेताओं ने किया। इस दौरान वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं अन्य अस्थायी कर्मियों के नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा की गारंटी तथा कर्मचारियों के हितों के प्रतिकूल आदेशों को वापस लेने की मांग उठाई गई।
सफाईकर्मियों ने ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर कर्मचारियों को सीधे नगर निगम के अधीन नियुक्त करने, ईएसआई, पीएफ तथा बकाया भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सफाईकर्मी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन आज भी उन्हें स्थायी सेवा, उचित वेतन और सामाजिक सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सफाईकर्मी और कर्मचारी मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
सभा की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष राजकुमार राम ने की, जबकि संचालन सहायक मंत्री प्रमोद राम ने किया। सभा को ऐक्टू राज्य परिषद सदस्य एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ, नगर निगम समस्तीपुर के सम्मानित अध्यक्ष जीबछ पासवान, ऐक्टू नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह, बिहार राज्य अनुरक्षक संघ के जिला अध्यक्ष जीतेंद्र कुशवाहा, विनोद मल्लिक, शिवजी मल्लिक, अमर राम, मनोज कुमार, मोहम्मद अलीशेर, भूपेंद्र सिंह, रीता देवी, रेखा देवी, संगीता देवी, मीरा देवी, चंद्रकाला देवी, नरेश राम, बिरजू राम, गणेश राम, अनील मल्लिक, संजीत कुमार पोद्दार और देव कुमार समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments