बिहार में डाक जीवन बीमा स्पेशल ड्राइव में समस्तीपुर डाक प्रमंडल प्रथम स्थान पर
बिहार में डाक जीवन बीमा स्पेशल ड्राइव में समस्तीपुर डाक प्रमंडल प्रथम स्थान पर
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
1000 नई पीएलआई/आरपीएलआई पॉलिसियों के साथ ₹1 करोड़ प्रीमियम और ₹45 करोड़ की बीमित राशि अर्जित, रक्षाबंधन पर स्पीड पोस्ट व आईटीपीएस सेवा का लाभ उठाने की अपील
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 28 जुलाई, 2026)। भारतीय डाक विभाग के समस्तीपुर डाक प्रमंडल ने 23 जुलाई 2026 को बिहार परिमंडल द्वारा आयोजित डाक जीवन बीमा (PLI) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) स्पेशल ड्राइव में एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे बिहार परिमंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ समस्तीपुर डाक प्रमंडल ने अपनी सफलता की एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।
स्पेशल ड्राइव के दौरान समस्तीपुर डाक प्रमंडल ने 1000 नए ग्राहकों को पीएलआई एवं आरपीएलआई पॉलिसियों से जोड़ा। इस अभियान के माध्यम से ₹1 करोड़ का प्रीमियम तथा ₹45 करोड़ की बीमित राशि (Sum Assured) अर्जित की गई, जो पूरे बिहार सर्किल में सर्वश्रेष्ठ रही।
डाक अधीक्षक रोबिन चंद्र ने इस सफलता का श्रेय समस्तीपुर डाक प्रमंडल के सभी डाक निरीक्षकों, विकास पदाधिकारियों (PLI), उप डाकपालों, कार्यालय सहायकों, डाक सहायकों, शाखा डाकपालों, डाक सेवकों, डायरेक्ट एजेंटों तथा फील्ड अधिकारियों के समर्पित प्रयास, टीम भावना और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन को दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निर्धारित लक्ष्य से बढ़कर कार्य करते हुए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
डाक अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके अथक परिश्रम और समर्पण की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समस्तीपुर डाक प्रमंडल भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए भारतीय डाक विभाग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर डाक अधीक्षक ने विशेष रूप से बहनों से अपील की कि वे देश-विदेश में रह रहे अपने भाइयों को राखी भेजने के लिए भारतीय डाक विभाग की स्पीड पोस्ट सेवा एवं इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस (ITPS) का अधिक से अधिक उपयोग करें।
उन्होंने बताया कि डाक विभाग की यह सेवा सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती है तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संचालित की जाती है। निजी कूरियर कंपनियों की तुलना में यह सेवा कम लागत पर उपलब्ध है और पार्सल की सुरक्षा एवं गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाता है।
समस्तीपुर डाक प्रमंडल ने सभी बहनों से अनुरोध किया है कि वे रक्षाबंधन से कम-से-कम 20 दिन पहले समस्तीपुर प्रमंडल के 395 डाकघरों में से किसी भी निकटतम डाकघर के बुकिंग काउंटर से अपनी राखी बुक कराएं, ताकि वह समय पर एवं सुरक्षित रूप से देश-विदेश में रह रहे उनके भाइयों तक पहुंच सके।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments