भूमि, आवास और राशनकार्ड समेत विभिन्न मांगों को लेकर आज ताजपुर प्रखंड-अंचल का घेराव
भूमि, आवास और राशनकार्ड समेत विभिन्न मांगों को लेकर आज ताजपुर प्रखंड-अंचल का घेराव
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
भाकपा (माले) और खेग्रामस के नेतृत्व में प्रदर्शन की तैयारी पूरी, जनसंपर्क अभियान के दौरान 45 नए लोगों ने ली संगठन की सदस्यता
ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 25 जुलाई 2026)। भूमि, बासगीत पर्चा, प्रधानमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता, राशनकार्ड, पहुंचपथ तथा जर्जर सड़कों के निर्माण समेत दलित-गरीबों से जुड़े विभिन्न जनसरोकारों की मांगों को लेकर भाकपा (माले) और बिहार प्रदेश खेत मजदूर सभा (खेग्रामस) द्वारा शनिवार को ताजपुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का घेराव किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर संगठन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को भाकपा (माले) के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, प्रभात रंजन गुप्ता, मो. एजाज समेत अन्य नेताओं के नेतृत्व में ताजपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी मांगों को बुलंद करने की अपील की गई।
जनसंपर्क अभियान के दौरान रहीमाबाद और चित्रसेन पोखर में खेग्रामस का सदस्यता अभियान भी चलाया गया। अभियान के तहत 45 नए लोगों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
भाकपा (माले) नेताओं ने कहा कि भूमिहीन परिवारों को भूमि और बासगीत पर्चा उपलब्ध कराने, पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, बंद राशनकार्ड चालू कराने, जरूरतमंद परिवारों के नए राशनकार्ड बनाने तथा गांवों में पहुंचपथ समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।
नेताओं ने योगियामठ, बहेलिया टोला, आलू मंडी समेत विभिन्न क्षेत्रों की जर्जर सड़कों के निर्माण की भी मांग उठाई। उन्होंने क्षेत्र के दलितों, गरीबों, खेत मजदूरों और आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments