01 सितंबर को पूरे ईसीआर जोन में मनाया जाएगा NPS/UPS के खिलाफ ब्लैक डे

01 सितंबर को पूरे ईसीआर जोन में मनाया जाएगा NPS/UPS के खिलाफ ब्लैक डे

जनक्रांति कार्यालय न्यूज़ डेस्क 
ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन की केंद्रीय कमेटी की वर्चुअल बैठक में निर्णय; रक्सौल में जागरूकता बैठक आयोजित, रेलकर्मी काला बैज लगाकर करेंगे ड्यूटी

समस्तीपुर/रक्सौल,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 19 अगस्त 2026)। NPS/UPS के विरोध और पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन की केंद्रीय कमेटी की वर्चुअल बैठक 18 अगस्त को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष संतोष पासवान ने की। बैठक में केंद्रीय कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम (NMOPS) द्वारा घोषित 1 सितंबर के ब्लैक डे का समर्थन करते हुए पूरे ईस्ट सेंट्रल रेलवे जोन में काला दिवस मनाने का निर्णय लिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि 1 सितंबर का दिन कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन बिहार में पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त कर नई पेंशन व्यवस्था (NPS) लागू की गई थी। NMOPS और बिहार राज्य कर्मचारियों के विभिन्न संगठनों द्वारा इस दिन काला दिवस मनाने के निर्णय के प्रति ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन ने नैतिक समर्थन एवं एकजुटता व्यक्त की।
केंद्रीय अध्यक्ष संतोष पासवान ने सभी रेल कर्मचारियों से 1 सितंबर को काला दिवस मनाने तथा NPS/UPS के खिलाफ अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा।
रक्सौल में भी हुई जागरूकता बैठक
इसी कड़ी में रक्सौल में रेल कर्मचारियों के बीच जन-जागरूकता को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूनियन के केंद्रीय संयुक्त महासचिव रत्नेश वर्मा ने NPS/UPS के खिलाफ निर्णायक आंदोलन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 1 सितंबर 2026 को रेल कर्मचारी काला बैज लगाकर ड्यूटी करेंगे और NPS/UPS को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग को बुलंद करेंगे।
उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से भी कर्मचारियों को जागरूक किया जाएगा। सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किए जाएंगे तथा सामान्य रेलवे कार्य, रेल सेवाओं और ट्रेनों के परिचालन पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
वर्चुअल बैठक में राजेश कुमार, एस.पी. साहु, अवधेश गुप्ता, श्रवण गुप्ता, बी.आर. सिंह, प्रवीण कुमार, कमलेश कुमार, शैलेश कुमार, रत्नेश वर्मा, चंदन यादव, घनश्याम पासवान, संजीव कुमार, संजय कुमार, संतोष यादव, सत्यम कुमार, प्रवीण कुमार द्वितीय, रामबाबू पासवान, एस.के. शर्मा, चंदन कुमार राय, कमलेश मांझी, किरण कुमारी, संतोष पासवान, मृत्युंजय कुमार सहित केंद्रीय कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments