सड़क हादसे में 10 वर्षीय रुद्राक्ष की मौत, परिजनों से मिले रौशन कुमार; मुआवजा व सड़क सुरक्षा की मांग

सड़क हादसे में 10 वर्षीय रुद्राक्ष की मौत, परिजनों से मिले रौशन कुमार; मुआवजा व सड़क सुरक्षा की मांग

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
पूसा-ताजपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों पर नियंत्रण की उठी मांग, घायल चाचा के नि:शुल्क इलाज की भी अपील

समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 21 अगस्त 2026)।समस्तीपुर जिला के पूसा प्रखंड की दक्षिणी हरपुर पंचायत निवासी राजेश महतो के 10 वर्षीय पुत्र रुद्राक्ष कुमार की पूसा-ताजपुर मुख्य मार्ग पर सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मौत के बाद पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सह भाकपा-माले जिला कमिटी सदस्य रौशन कुमार ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
रौशन कुमार ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मासूम रुद्राक्ष की सड़क हादसे में हुई मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है। परिवार पर आई इस अपार पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है।
उन्होंने प्रखंड प्रशासन से मृतक के परिजनों को अविलंब उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही, हादसे में गंभीर रूप से घायल रुद्राक्ष के चाचा राकेश कुमार के बेहतर और नि:शुल्क इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की।
रौशन कुमार ने कहा कि पूसा-ताजपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों के परिचालन के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने विशेष रूप से गंगापुर अस्पताल चौक जैसे संवेदनशील स्थानों पर यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की आवश्यकता जताई।
उन्होंने प्रशासन से पूसा-ताजपुर मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने, आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक लगाने तथा सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की मांग की।
इस दौरान मृतक के परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments