11 हजार वोल्ट का तार फसल के ऊपर झूल रहा, हादसे का खतरा; बार-बार सूचना के बावजूद विद्युत विभाग बेपरवाह

11 हजार वोल्ट का तार फसल के ऊपर झूल रहा, हादसे का खतरा; बार-बार सूचना के बावजूद विद्युत विभाग बेपरवाह

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड-07 में नीचे लटक रहा 11 हजार वोल्ट का लाइव तार; ग्रामीणों और किसानों की सुरक्षा को लेकर रौशन कुमार ने तत्काल कार्रवाई की मांग की, आंदोलन की चेतावनी

पूसा/समस्तीपुर, 26 अगस्त 2026।
पूसा प्रखंड के दक्षिणी हरपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-07 में भुस्कौल चौक से बोस कंपनी चौक जाने वाली मुख्य सड़क के समीप 11 हजार वोल्ट का लाइव विद्युत तार काफी नीचे झूल रहा है।
 तार फसल के ऊपर से गुजर रहा है, जिससे खेतों में काम करने वाले किसानों, मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच हादसे की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तार के नीचे लटकने की समस्या की जानकारी विद्युत विभाग के SDO और JE को कई बार दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक तार को सुरक्षित ऊंचाई पर दुरुस्त नहीं किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तार को ठीक नहीं किया गया तो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सह इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के जिला सचिव रौशन कुमार ने कहा कि 11 हजार वोल्ट का लाइव तार फसल के ऊपर इस तरह झूलता रहना बेहद गंभीर और जानलेवा स्थिति है। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग को किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय तत्काल तकनीकी टीम भेजकर तार को सुरक्षित ऊंचाई पर दुरुस्त करना चाहिए।
रौशन कुमार ने आरोप लगाया कि SDO और JE को बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने विद्युत विभाग से अविलंब तार की मरम्मत कराने तथा ग्रामीणों, किसानों और खेतों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा के सवाल पर आरवाईए चुप नहीं बैठेगा। यदि विद्युत विभाग ने अविलंब तार को दुरुस्त नहीं किया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments