जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन में प्रकाशित विद्युत विभाग द्वारा 11 हजार वोल्ट के झूलते तार, विधुत विभाग ने किया दुरुस्त, ग्रामीणों को मिली राहत

जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन में प्रकाशित विद्युत विभाग द्वारा 11 हजार वोल्ट के झूलते तार, विधुत विभाग ने किया दुरुस्त, ग्रामीणों को मिली राहत

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
फसल के ऊपर झूल रहे हाईटेंशन तार से बना था हादसे का खतरा; नया विद्युत पोल लगाकर तार को सुरक्षित ऊंचाई पर किया गया दुरुस्त — रौशन कुमार

पूसा/समस्तीपुर,(जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 29 अगस्त 2026)। पूसा प्रखंड की दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड संख्या-07 अंतर्गत भुस्कौल चौक से बोस कंपनी चौक जाने वाली मुख्य सड़क के समीप फसल के ऊपर झूल रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन विद्युत तार को विद्युत विभाग ने दुरुस्त कर दिया है। विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
बताया जाता है कि विद्युत तार काफी नीचे झूल रहा था और फसल के ऊपर से गुजर रहा था। इससे किसी भी समय गंभीर विद्युत दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई थी। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए इस गंभीर समस्या को लेकर 26 अगस्त को जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन (वेब ) विज्ञप्ति जारी कर विद्युत विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई थी। इससे पूर्व भी विभाग के एसडीओ एवं जेई को कई बार मामले की जानकारी देकर तार को सुरक्षित कराने का आग्रह किया गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर नया विद्युत पोल लगाकर तार को तानते हुए उसे सुरक्षित ऊंचाई पर दुरुस्त कर दिया। विभाग की इस कार्रवाई से संभावित विद्युत दुर्घटना का खतरा टल गया है।
इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के समस्तीपुर जिला सचिव सह पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी रौशन कुमार ने विद्युत विभाग की कार्रवाई का स्वागत किया। 
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर विद्युत पोल और नीचे झूलते बिजली के तार लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बने रहते हैं। सूचना मिलने के बाद ऐसे मामलों में विद्युत विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले ही संभावित खतरे को टाला जा सके।
रौशन कुमार ने कहा कि प्रेस के माध्यम से समस्या को प्रमुखता से उठाने तथा लगातार विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने के बाद इसका समाधान हुआ है। जनहित से जुड़े इस मामले में विभाग द्वारा की गई कार्रवाई सराहनीय है।
उन्होंने विद्युत विभाग से मांग की कि पूसा प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर विद्युत पोल, नीचे झूलते तार तथा अन्य खतरनाक विद्युत स्थितियों का व्यापक सर्वे कराया जाए। साथ ही, समय-समय पर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने के लिए केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमित निरीक्षण और पूर्व सतर्कता भी जरूरी है। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों की ओर से विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर आरवाईए आगे भी मजबूती से आवाज उठाता रहेगा।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित एवं प्रसारित।

Comments