समस्तीपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, 12 सितंबर को होगा आयोजन
समस्तीपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, 12 सितंबर को होगा आयोजन
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की बैठक में अधिकारियों को निर्देश; पुराने चालान मामलों के निष्पादन और व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 31 अगस्त, 2026)। समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय में आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर द्वारा एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश समीर कुमार के निर्देशानुसार की गई।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मनोज कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, एमवीआई, समस्तीपुर जिले के सभी थानाध्यक्षों तथा यातायात थाना के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित नोटिसों का समय पर तामिला सुनिश्चित करने और इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
साथ ही ऐसे चालान मामलों की भी समीक्षा की गई, जो 90 दिनों से अधिक समय से लंबित हैं। परिवहन विभाग अथवा यातायात विभाग द्वारा काटे गए चालान मामलों के निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संबंधित मामलों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक थाना क्षेत्र में प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठा सकें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने लोगों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों के समाधान के लिए 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments