13-14 अगस्त को ताजपुर प्रखंड-अंचल कार्यालय पर सत्याग्रह आंदोलन करेगा खेग्रामस और भाकपा माले
13-14 अगस्त को ताजपुर प्रखंड-अंचल कार्यालय पर सत्याग्रह आंदोलन करेगा खेग्रामस और भाकपा माले
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
भूमिहीनों को वासभूमि, रोजगार, राशन और बुलडोजर कार्रवाई पर रोक समेत विभिन्न मांगों को लेकर सामूहिक अनशन का ऐलान
ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 6 अगस्त 2026 )। भूमिहीनों को वासभूमि और आवास उपलब्ध कराने, बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगाने, राशन सूची से गरीबों के नाम हटाने की प्रक्रिया बंद करने तथा ग्रामीण मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर 13 और 14 अगस्त को ताजपुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय पर सामूहिक अनशन और सत्याग्रह आंदोलन आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय गुरुवार को ताजपुर प्रखंड के रहीमाबाद में आयोजित भाकपा माले और अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) की संयुक्त बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की, जबकि संचालन खेग्रामस के प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने किया। बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि गांवों में गरीबों, भूमिहीनों और मजदूरों के अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है।
नेताओं ने मांग की कि जिन गरीब परिवारों का वर्षों से किसी भूमि पर कब्जा है, उन्हें पी.पी. एक्ट, 1947 के तहत बासगीत पर्चा दिया जाए। साथ ही सभी भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें स्थायी आवास का अधिकार मिल सके।
बैठक में राशन सूची से गरीब परिवारों के नाम हटाए जाने पर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने सभी पात्र परिवारों को राशन उपलब्ध कराने, मनरेगा के तहत पर्याप्त रोजगार देने और मजदूरों को उचित पारिश्रमिक सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा, सम्मान और रोजगार की गारंटी के लिए कानून बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
वक्ताओं ने बताया कि इन मांगों के समर्थन में राज्यव्यापी आंदोलन के तहत स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 13 और 14 अगस्त को प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों के समक्ष सामूहिक अनशन और सत्याग्रह किया जाएगा। उन्होंने बड़ी संख्या में गरीबों, मजदूरों और ग्रामीणों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
बैठक में आसिफ होदा, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मो. एजाज, जीतेंद्र सहनी, मो. क्यूम, मुकेश कुमार गुप्ता, नीलम देवी, धर्मेंद्र पासवान, शाद तौहीदी, संजीव राय समेत भाकपा माले और खेग्रामस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments