अखिल भारतीय किसान महासभा का ताजपुर प्रखंड सम्मेलन संपन्न, 13 सदस्यीय नई कमिटी का गठन
अखिल भारतीय किसान महासभा का ताजपुर प्रखंड सम्मेलन संपन्न, 13 सदस्यीय नई कमिटी का गठन
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह बने प्रखंड अध्यक्ष, ललन कुमार दास सचिव, मनोज कुमार सिंह उपाध्यक्ष, संजीव कुमार राय सह सचिव एवं राजदेव प्रसाद सिंह कोषाध्यक्ष निर्वाचित
नई कमिटी ने किसानों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने का लिया संकल्प
ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 2 अगस्त 2026)। अखिल भारतीय किसान महासभा का ताजपुर प्रखंड सम्मेलन रविवार को मोतीपुर में आयोजित किया गया। सम्मेलन की शुरुआत झंडोत्तोलन, शहीद वेदी पर माल्यार्पण और शहीदों को मौन श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। सम्मेलन की अध्यक्षता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने की, जबकि संचालन किसान नेता ललन कुमार दास ने किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किसानों की समस्याओं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर आंदोलन चलाना समय की मांग है।
सम्मेलन में बिजली, सिंचाई के लिए पानी, खाद, बीज और कीटनाशकों की उपलब्धता, नकली कृषि सामग्री की बिक्री पर रोक तथा किसान हितैषी योजनाओं में किसानों के साथ हो रही अनियमितताओं और हकमारी जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य वक्ता एवं किसान महासभा के जिला अध्यक्ष महावीर पोद्दार ने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक जनआंदोलन चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करना आवश्यक है।
सम्मेलन के अंत में जिला अध्यक्ष महावीर पोद्दार के पर्यवेक्षण में 13 सदस्यीय नई प्रखंड कमिटी का गठन किया गया। चुनाव में ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह को पुनः प्रखंड अध्यक्ष, ललन कुमार दास को सचिव, मनोज कुमार सिंह को उपाध्यक्ष, संजीव कुमार राय को सह सचिव तथा राजदेव प्रसाद सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया।
इसके अलावा मुंशीलाल राय, रवींद्र प्रसाद सिंह, संजय कुमार सिंह, भूषण प्रसाद साह, अनील कुमार सिंह सहित अन्य सदस्यों को प्रखंड कमिटी में शामिल किया गया।
नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष को और तेज करने तथा गांव-गांव किसान महासभा के संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments