चौथम में 22 सूत्री मांगों को लेकर भाकपा का महाधरना, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के खिलाफ आंदोलन तेज करने का आह्वान

चौथम में 22 सूत्री मांगों को लेकर भाकपा का महाधरना, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के खिलाफ आंदोलन तेज करने का आह्वान

जनक्रांति कार्यालय से राजीव झा की रिपोर्ट 
भूमि-पर्चा, सड़क-पुल निर्माण, आवास, पेंशन, जल निकासी और प्रखंड-अंचल कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार समेत स्थानीय मुद्दों को लेकर बीडीओ को सौंपा 22 सूत्री मांग-पत्र

खगड़िया,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 25 अगस्त, 2026)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) चौथम अंचल परिषद की ओर से विभिन्न जनसमस्याओं एवं 22 सूत्री मांगों के समर्थन में मंगलवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में महाधरना आयोजित किया गया। धरने की अध्यक्षता भाकपा जिला परिषद सदस्य कामरेड योगेंद्र शर्मा ने की। 
धरना समाप्त होने के बाद पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार से मुलाकात कर 22 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। बीडीओ ने मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
धरने को संबोधित करते हुए भाकपा बिहार राज्य कार्यकारिणी सदस्य एवं चौथम के पूर्व प्रमुख कामरेड प्रभाकर प्रसाद सिंह ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी गंभीर समस्याओं से गुजर रहा है। उन्होंने किसानों को फसल का लाभकारी मूल्य दिलाने, श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि चौथम प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में दाखिल-खारिज, परिमार्जन और जमीन की नापी सहित विभिन्न कार्यों में कथित भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन देने, वर्षों से बसे परिवारों को बासगीत का पर्चा उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से देने की मांग की।
धरने में जवाहर नगर, जयप्रभानगर, मेदनी नगर, बरमहा और हरदिया सहित विभिन्न इलाकों में बसे लोगों के भूमि एवं पुनर्वास से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। बालकुंडा गांव के लोगों के पुनर्वास, नवादा घाट से धमारा स्टेशन तक जर्जर सड़क की मरम्मत तथा नवादा और मालपाघाट पर पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की गई।
वक्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अनियमितताओं की जांच, वृद्धावस्था पेंशन के नियमित भुगतान एवं पेंशन राशि बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा बहलाधार के निकट वाटरवेज बांध पर जल निकासी के लिए स्विच गेट निर्माण की मांग की गई।
कामरेड प्रभाकर प्रसाद सिंह ने कहा कि इन जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन को और तेज करने की जरूरत है। उन्होंने आगामी 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘बदलाव जरूरी है’ रैली में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की।

धरने को भाकपा बिहार राज्य परिषद सदस्य सह बिहार राज्य किसान सभा के जिला मंत्री कामरेड रविंद्र यादव, शाखा मंत्री कामरेड जोगिंदर सिंह, कामरेड शिवनंदन सिंह, कामरेड शत्रुघ्न सिंह, कामरेड रामस्वरूप चौधरी, कामरेड सुरेश सदा, कामरेड मीना देवी, कामरेड ममता देवी, भाकपा जिला परिषद सदस्य कामरेड जगबली चौधरी, कामरेड सत्यनारायण सिंह, कामरेड महेंद्र महीप, कामरेड अशोक शाह सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
धरने के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ रंजीत कुमार को 22 सूत्री मांग-पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल को मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments