हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
जनक्रांति कार्यालय से अनुमंडल ब्यूरो चीफ अनीश कुमार सिंह की रिपोर्ट
विद्यापतिनगर प्रखंड के विभिन्न सरकारी एवं सार्वजनिक स्थलों पर शान से लहराया तिरंगा, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने अमर शहीदों को किया नमन
विद्यापतिनगर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 15 अगस्त, 2026)। विद्यापतिनगर प्रखंड क्षेत्र में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। प्रखंड के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, पंचायत भवनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर निर्धारित समय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रगान के साथ अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
सुबह 8:10 बजे बाजिदपुर स्थित इंदिरा गांधी-राजीव स्मारक स्थल पर जदयू के प्रदेश महासचिव धीरेंद्र कुमार सिंह ने झंडोत्तोलन किया। इसके बाद थाना परिसर में सूरज कुमार, पंचायत समिति भवन में प्रखंड प्रमुख कृष्णा देवी, प्रखंड कार्यालय में बीडीओ महताब अंसारी तथा अंचल कार्यालय में अंचलाधिकारी कुमार हर्ष ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इसी क्रम में विभिन्न पंचायत भवनों पर मुखिया नमिता देवी सहित जनप्रतिनिधियों ने झंडोत्तोलन किया। प्रखंड शिक्षा कार्यालय, विद्यापति +2 विद्यालय में अमित भूषण, विद्यापति महाविद्यालय में जागेश्वर सिंह, विद्यापति स्मारक स्थल पर राजेश शर्मा, बाल विकास परियोजना कार्यालय, जीविका कार्यालय, महादलित टोला एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।
ग्राम कचहरी मऊ धनेशपुर उत्तर में रंजीत सिंह (टुनटुन सिंह) तथा पंचायत भवन मऊ धनेशपुर उत्तर में मुखिया विवेकानंद सिंह ने झंडोत्तोलन किया। इस दौरान लोगों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देश की प्रगति का संकल्प लिया।
इस अवसर पर धीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशवासियों के जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है। यह दिन हमें स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और उनके त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है।
वहीं जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह मऊ धनेशपुर उत्तर के सरपंच ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए गौरव और प्रेरणा का दिन है। इसी दिन हम देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक याद करते हैं। उन्होंने लोगों से देश की एकता, भाईचारे और विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments