तिरंगा यात्रा में दिखा वीर बलिदानियों के प्रति सम्मान और देशभक्ति का जज्बा

तिरंगा यात्रा में दिखा वीर बलिदानियों के प्रति सम्मान और देशभक्ति का जज्बा

जनक्रांति कार्यालय से अनुमंडल ब्यूरो चीफ अनीश कुमार सिंह की रिपोर्ट 
विद्यापतिनगर प्रखंड मुख्यालय से स्मारक चौक तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों ने लिया हिस्सा

विद्यापतिनगर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 14 अगस्त, 2026)। स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों की याद और उनके बलिदान के प्रति सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विद्यापति प्रखंड मुख्यालय से स्मारक चौक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा की तैयारियां बीडीओ महताब अंसारी के नेतृत्व में एक दिन पूर्व से ही शुरू कर दी गई थीं। निर्धारित समय पर प्रखंड मुख्यालय से यात्रा शुरू होकर स्मारक चौक पहुंची। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने देश के वीर शहीदों को याद किया और उनके बलिदान को नमन किया।
जदयू के प्रदेश महासचिव धीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि यह यात्रा उन वीर सपूतों के सम्मान में है, जिन्होंने देश को आजादी दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। वहीं प्रखंड अध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा कि उन वीरों को याद कर आंखें नम हो जाती हैं, जिन्होंने हमें आजाद देखने के लिए अपना जीवन कुर्बान कर दिया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि आज हमारे हाथों में लहराता तिरंगा उन वीर बलिदानियों की निशानी है, जो देश की आजादी के लिए शहीद हो गए। उनके त्याग और बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता।
तिरंगा यात्रा में मंडल अध्यक्ष बिट्टू जायसवाल, अविनाश भारद्वाज, प्रवक्ता मुकेश कुमार चौधरी, बिपिन गिरी, जदयू नेता संजीत सहनी, मुखिया बेनी कुंवर, सुनील कुंवर, मनराम सिंह, रंजय सिंह, गुलशन सिंह, कन्हैया सिंह, मो. गुड्डू, आशीष झा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समस्तीपुर प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments