ताजपुर प्रखंड कार्यालय पर भाकपा माले का प्रदर्शन, राशन कटौती के खिलाफ उठी आवाज

ताजपुर प्रखंड कार्यालय पर भाकपा माले का प्रदर्शन, राशन कटौती के खिलाफ उठी आवाज

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
प्रति यूनिट पांच किलो राशन देने, कटौती बंद करने और राशन कार्ड से नाम हटाने पर रोक की मांग; मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 13 अगस्त 2026)। प्रति यूनिट साढ़े चार किलो राशन वितरण के खिलाफ गुरुवार को भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने ताजपुर प्रखंड कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रति यूनिट पांच किलो राशन देने, राशन में किसी भी तरह की कटौती बंद करने, राशन कार्ड से नाम हटाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने तथा सभी गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि कोटे और शॉर्टेज के नाम पर गरीबों के हिस्से के राशन में कटौती स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में प्रति यूनिट पांच किलोग्राम राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि ताजपुर प्रखंड में कम राशन मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से राशन वितरण में हो रही कथित कटौती की स्थिति स्पष्ट करने तथा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की।
कटे नाम जोड़ने और सभी गरीब परिवारों को राशन देने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने राशन कार्ड से नाम हटाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि जिन गरीब परिवारों के नाम राशन कार्ड अथवा लाभुक सूची से हटा दिए गए हैं, उनके नाम फिर से जोड़े जाएं। साथ ही, ऐसे गरीब एवं जरूरतमंद परिवार जो अब तक राशन की सुविधा से वंचित हैं, उन्हें राशन कार्ड उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, नीलम देवी, मनोज कुमार सिंह तथा दीपनारायण सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा गरीब परिवारों का महत्वपूर्ण अधिकार है। सरकार को गरीबों के खाद्य सुरक्षा अधिकारों की रक्षा करते हुए राशन वितरण व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि राशन की मात्रा में कटौती और पात्र लाभुकों के नाम हटाने जैसी शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाकपा माले कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय ग्रामीण भी शामिल हुए।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments