निरंकारी मुक्ति पर्व समागम संपन्न

निरंकारी मुक्ति पर्व समागम संपन्न

ब्रह्मज्ञान की प्राप्ति से ही मुक्ति की राह संभव : महात्मा राजेश कुमार जी

समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन कार्यालय न्यूज डेस्क 15 अगस्त 2026)। स्थानीय संत निरंकारी सत्संग भवन, जूट मिल रोड, मथुरापुर, समस्तीपुर में विशाल निरंकारी मुक्ति पर्व समागम का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रभु-प्रेमी संत एवं सेवादल के भाई-बहनों ने भाग लिया।
समागम को संबोधित करते हुए आदरणीय मुखी महात्मा राजेश कुमार जी ने कहा कि मानव जीवन जन्म और मृत्यु के बीच सांसारिक आवश्यकताओं की पूर्ति में ही व्यतीत कर देता है। सांसों की कड़ी निरंतर चलती रहती है और समय बीतते-बीतते मृत्यु समीप आ जाती है, लेकिन मनुष्य ब्रह्म का साक्षात्कार नहीं कर पाता। 
उन्होंने कहा कि समय के सतगुरु से ब्रह्मज्ञान की प्राप्ति होने पर मनुष्य के सभी भ्रम समाप्त होते हैं और मुक्ति की राह प्रशस्त होती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ब्रह्मज्ञान के माध्यम से परमात्मा के साक्षात्कार का मार्ग सहज रूप से उपलब्ध करा रही हैं। ब्रह्मज्ञान मनुष्य को परमात्मा की अनुभूति कराकर जीवन के दुखों, भय, संशय और भ्रमों से मुक्ति की ओर ले जाता है।
महात्मा राजेश कुमार जी ने कहा कि ज्ञान का प्रकाश होने पर मनुष्य को सही-गलत, अविनाशी और नश्वर का बोध होने लगता है। आत्मा प्रकाशित होती है और कण-कण में परमात्मा के नूर का अनुभव होने लगता है।
 इससे मन में एकत्व एवं विश्व बंधुत्व की भावना जागृत होती है, जो मानवीय मिलवर्तन और सद्भाव का आधार बनती है।
समागम के दौरान पूरे कार्यक्रम का संचालन संचालक महात्मा राम प्रकाश जी, शिक्षक महात्मा नंदेश्वर जी, संचालिका बहन अर्चना जी, सह-शिक्षक महात्मा सुरेंद्र जी एवं चंदेश्वर जी सहित सैकड़ों सेवादल के जवानों ने निस्वार्थ सेवा भाव से किया। मंच संचालन की जिम्मेदारी महात्मा मोती लाल जी ने निभाई।
इस अवसर पर राज किशोर जी, प्रभाकर जी, यमुना प्रसाद जी, मिथलेश जी, बच्चा शर्मा जी एवं राजू जी सहित बड़ी संख्या में संत एवं सेवादल के भाई-बहन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विशाल लंगर का भी आयोजन किया गया। 
उपरोक्त जानकारी प्रेस संवाददाता विनोद कुमार महाराजसंत निरंकारी मंडल, शाखा-समस्तीपुर द्वारा दी गई। समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments