ईसीआरईयू ने रेलकर्मियों की समस्याओं को लेकर महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

ईसीआरईयू ने रेलकर्मियों की समस्याओं को लेकर महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
पुरानी पेंशन बहाल करने, 8 घंटे की ड्यूटी लागू करने समेत लोको रनिंग स्टाफ, आवास, पदोन्नति और चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी मांगें उठाईं

समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 18 अगस्त, 2026)। ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाईज यूनियन (ECREU) की ओर से रेलकर्मियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर ईस्ट सेंट्रल रेलवे (ECR) के महाप्रबंधक (GM) को ज्ञापन सौंपा गया। मंडल मंत्री संजीव कुमार मिश्र एवं संयुक्त सचिव ECREU सह लोको शेड शाखा सचिव सोहन कुमार यादव ने कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में NPS/UPS को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना लागू करने तथा रेलवे के सभी संवर्गों में 8 घंटे की ड्यूटी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। वहीं, लोको रनिंग स्टाफ की समस्याओं को लेकर ड्यूटी के घंटों को व्यावहारिक बनाने, मुख्यालय एवं आउटस्टेशन पर ब्रेक और रेस्ट से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग रखी गई।
लोको शेड में कार्यरत कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्यस्थल वातावरण उपलब्ध कराने, आधुनिक उपकरणों (टूल्स) की व्यवस्था करने तथा आवश्यक संरक्षा उपकरण (Safety Gear) की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
ज्ञापन में रेल कॉलोनियों की जर्जर स्थिति, पेयजल संकट एवं साफ-सफाई की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की गई। इसके अलावा विभिन्न संवर्गों में लंबित पदोन्नति प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया गया।
रेल कर्मचारियों की चिकित्सा सुविधाओं को लेकर रेलवे अस्पतालों में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए रेफरल प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
इस अवसर पर ECREU की ओर से कहा गया कि संगठन रेलकर्मियों के अधिकार, संरक्षा और सम्मान के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा। कर्मचारियों की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाते हुए संगठन उनके कल्याण और न्यायसंगत मांगों की पूर्ति के लिए संघर्ष जारी रखेगा। संगठन ने कर्मचारियों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि “एकता ही हमारी शक्ति है।”
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments