समस्तीपुर के समाजसेवी एडवोकेट डॉ. संजय कुमार बबलू ने किया संपूर्ण अंगदान का संकल्प

समस्तीपुर के समाजसेवी एडवोकेट डॉ. संजय कुमार बबलू ने किया संपूर्ण अंगदान का संकल्प

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
 57 बार रक्तदान कर चुके समाजसेवी ने मरणोपरांत नेत्र, हृदय, किडनी, लिवर समेत अन्य अंग जरूरतमंदों को दान करने का लिया संकल्प

समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 6 अगस्त, 2026)। बिहार के समस्तीपुर जिले के नगर निकाय वार्ड संख्या-4 निवासी, अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक स्वर्गीय राम नरेश तिवारी एवं प्राध्यापिका वीणा कुमारी के पुत्र तथा एनजीओ संघ, बिहार के सचिव एवं प्रगति आदर्श सेवा केंद्र सामाजिक संगठन के संस्थापक एडवोकेट डॉ. संजय कुमार बबलू ने दधीचि देहदान समिति के तत्वावधान में अपने संपूर्ण अंगदान का संकल्प लिया है।
संकल्प के अनुसार, मरणोपरांत डॉ. संजय कुमार बबलू के नेत्र, लिवर, किडनी, हृदय, त्वचा एवं हड्डियां जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। अंगदान का संकल्प पत्र भरने के दौरान दधीचि देहदान समिति, समस्तीपुर इकाई के अध्यक्ष सुमन सौरभ, द एलिट सोसायटी के मुख्य कार्यकारी जितेंद्र कुमार, आईजीआईएमएस पटना के नेत्र संग्रहण अधिकोष के चिकित्सक डॉ. रवि ठाकुर, सुनील कुमार ठाकुर, डॉ. वी.के. मिश्रा फाउंडेशन के अध्यक्ष वरुणेश विजय, ब्लड फोर्स के रविंद्र खत्री तथा प्रगति आदर्श सेवा केंद्र के अजय कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि एडवोकेट डॉ. संजय कुमार बबलू सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय रहे हैं। उन्होंने अब तक 57 बार रक्तदान कर एक मिसाल कायम की है। वे समस्तीपुर जिले में सर्वाधिक रक्तदान करने वाले व्यक्तियों में शामिल हैं। उनके इस अंगदान संकल्प को समाज में मानवता और सेवा की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments