मुसहरी पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में माले का प्रतिरोध मार्च, पर्चा - वासभूमि -आवास, मुआवजा, पहुंचपथ की मांग
मुसहरी पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में माले का प्रतिरोध मार्च, पर्चा - वासभूमि -आवास, मुआवजा, पहुंचपथ की मांग
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
भूमाफिया के इशारे पर बुलडोजर चलाने, डूबाऊ गड्ढ़ा खोदने, सरकारी बाहा को भरने की घटना की जांच कर दोषी अंचलाधिकारी पर कारवाई हो- माले
ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क
29 अगस्त 2026)। ताजपुर प्रखंड के फतेहपुर पंचायत के वार्ड संख्या 3 स्थित मुसहरी में अंचल प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाए जाने के विरोध में शनिवार को भाकपा माले एवं खेग्रामस के बैनर तले प्रतिरोध मार्च निकाला गया तथा सभा आयोजित की गई। प्रदर्शनकारियों ने प्रभावित परिवारों को रैयती पर्चा, वासभूमि, आवास, पहुंचपथ उपलब्ध कराने तथा उजाड़ने के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मकान, बर्तन एवं खाद्य सामग्री का उचित मुआवजा देने की मांग की।
सभा की अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से बसे गरीब मुसहर परिवारों को बिना समुचित वैकल्पिक व्यवस्था किए उजाड़ना अमानवीय कदम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा खोदे गये गड्ढे में डूबने से अगर किसी बच्चे-व्यक्ति की मौत होती है तो इसका जिम्मेवार प्रशासन होगा। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं उनकी क्षति की भरपाई सुनिश्चित करने की मांग की।
सभा को अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सचिव ललन कुमार, खेग्रामस जिला सचिव जीबछ पासवान, जिला अध्यक्ष उपेन्द्र राय, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मनोज कुमार सिंह, चंद्रशेखर कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता अनील कुमार सिंह, डॉ. गुलाब, सोनिया देवी, अनीता देवी एवं शिवकुमारी देवी सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि गरीब एवं भूमिहीन परिवारों के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने आगामी 3 सितंबर को समस्तीपुर अनुमंडल कार्यालय पर प्रस्तावित प्रदर्शन को बड़ी भागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की।
सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेग्रामस कार्यकर्ता एवं भाकपा माले समेत अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने संबोधित करते हुए उक्त कारवाई को भूमाफिया के इशारे पर की गई कार्रवाई करार देते हुए संपूर्ण मामले की जांच कर दोषी अंचलाधिकारी आरती कुमारी एवं अन्य अधिकारियों, राजस्वकर्मियों पर कारवाई की मांग की।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments