फतेहपुर मुसहरी का भाकपा माले जांच दल ने किया दौरा, उजाड़े गए परिवारों को न्याय दिलाने की मांग

फतेहपुर मुसहरी का भाकपा माले जांच दल ने किया दौरा, उजाड़े गए परिवारों को न्याय दिलाने की मांग

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
पर्चा, वासभूमि-आवास, पहुंचपथ की मांग को ले 3 सितंबर को SDO के समक्ष होगा माले का धरना-प्रदर्शन

ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन कार्यालय न्यूज डेस्क 30 अगस्त, 26)। ताजपुर प्रखंड के फतेहपुर पंचायत स्थित वार्ड संख्या-3 मुसहरी में हाल में हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद भाकपा माले, खेग्रामस और किसान महासभा के जिला स्तरीय  संयुक्त जांच दल ने रविवार को प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया।
 जांच दल ने उजाड़े गए परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा प्रशासन से पुस्तैनी बसे रैयतों को भूमि पर्चा, भूमिहीन परिवारों को वासभूमि एवं आवास तथा आवागमन के लिए पहुंचपथ उपलब्ध कराने की मांग की।
दौरे के दौरान प्रभावित परिवारों ने जांच दल को बताया कि अंचल प्रशासन ने भूमाफियाओं के इशारे पर उनके घरों पर बुलडोजर चलाया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा जानबूझकर डूबाऊ गड्ढा खोदा गया है तथा करीब दो सौ एकड़ खेती की भूमि से वर्षा जल निकासी के लिए बने बाहा (नाला) को भी भर दिया गया है, जिससे क्षेत्र में जलजमाव और अन्य समस्याओं की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी आरती कुमारी पर कार्रवाई में पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उजाड़ने के दौरान पुलिस द्वारा दलित सूचक शब्दों का प्रयोग करने तथा धौंस-धमकी देने की घटनाएं भी हुईं। जांच दल ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
जांच दल में शामिल खेग्रामस जिला सचिव जीबछ पासवान, जिलाध्यक्ष उपेंद्र राय, किसान महासभा जिला सचिव कॉमरेड ललन कुमार, किसान नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मनोज कुमार सिंह, चंद्रशेखर कुमार तथा भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रशासन द्वारा खोदे गए गड्ढे में यदि किसी बच्चे या अन्य व्यक्ति की डूबकर मौत होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रखंड प्रशासन की होगी।
नेताओं ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, क्षतिपूर्ति और भूमि संबंधी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। उन्होंने घोषणा की कि 3 सितंबर को समस्तीपुर सरकारी बस स्टैंड से जुलूस निकालकर अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय तक मार्च किया जाएगा तथा वहां धरना-प्रदर्शन कर मांगों को उठाया जाएगा।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments