गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से बाया नदी में बाढ़, कई घरों और सड़कों पर फैला पानी

गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से बाया नदी में बाढ़, कई घरों और सड़कों पर फैला पानी

जनक्रांति कार्यालय से अनुमंडल ब्यूरो चीफ अनीश कुमार सिंह की रिपोर्ट 
जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, मवेशियों के चारे की समस्या बढ़ी; सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे ग्रामीण

दलसिंहसराय/विद्यापतिनगर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 23 अगस्त, 2026)। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर का असर अब आसपास के क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। विद्यापतिनगर प्रखंड क्षेत्र से होकर गुजरने वाली बाया नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण कई घरों और सड़कों पर बाढ़ का पानी फैल गया है। इससे ग्रामीणों को आवागमन सहित कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बाया नदी में आई बाढ़ के कारण लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बढ़ते पानी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। कई निचले इलाकों में पानी फैलने से लोगों को अपने घरों से सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
बाढ़ के कारण सबसे अधिक परेशानी पशुपालकों को हो रही है। मवेशियों के लिए हरा चारा, भूसा और अन्य जरूरी सामग्री की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में कई लोग अपने मवेशियों को लेकर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा प्रभावित लोगों और पशुपालकों के लिए आवश्यक राहत एवं चारे की व्यवस्था कराने की मांग की है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments