एक्सप्रेसवे एलाइनमेंट के विरोध में मुसरीघरारी में धरना-प्रदर्शन, हजारों लोगों ने जताया आक्रोश

एक्सप्रेसवे एलाइनमेंट के विरोध में मुसरीघरारी में धरना-प्रदर्शन, हजारों लोगों ने जताया आक्रोश

जनक्रांति कार्यालय से अनुमंडल ब्यूरो चीफ अनीश कुमार सिंह की रिपोर्ट 
भाजपा नेता रंजीत निर्गुणी के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन; कहा—“एक्सप्रेसवे चाहिए, लेकिन वर्षों पुराने कॉलेज की कीमत पर नहीं”

मुसरीघरारी/समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 13 अगस्त, 2026)। एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित एलाइनमेंट के विरोध में गुरुवार को मुसरीघरारी में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और प्रस्तावित एलाइनमेंट में बदलाव की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा नेता रंजीत निर्गुणी ने किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए रंजीत निर्गुणी ने कहा कि क्षेत्र के लोग विकास के विरोधी नहीं हैं। वे एक्सप्रेसवे का निर्माण चाहते हैं, लेकिन ऐसा एलाइनमेंट स्वीकार नहीं किया जा सकता, जिससे वर्षों पुराने शैक्षणिक संस्थान का अस्तित्व खतरे में पड़ जाए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित एलाइनमेंट के कारण केदार संत रामेश्वर महाविद्यालय के प्रभावित होने की आशंका है, जिससे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे का निर्माण जनहित में होना चाहिए और इसके लिए ऐसा वैकल्पिक एलाइनमेंट निर्धारित किया जाए, जिससे कॉलेज एवं आसपास के महत्वपूर्ण संस्थानों को नुकसान न पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने भी प्रशासन एवं संबंधित विभाग से प्रस्तावित एलाइनमेंट की पुनः समीक्षा करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में हजारों की संख्या में स्थानीय जनता की मौजूदगी रही। इस दौरान रंजीत निर्गुणी के अलावा प्रिंस कुमार सहित कई स्थानीय लोग एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments