शिक्षा बचाओ सत्याग्रह के छठे दिन पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने धरना स्थल पर पहुंचकर दिया समर्थन
शिक्षा बचाओ सत्याग्रह के छठे दिन पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने धरना स्थल पर पहुंचकर दिया समर्थन
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
के.एस.आर कॉलेज को बचाने की मांग पर आंदोलनरत छात्रों से मिले शाहीन, कहा—यह लड़ाई सिर्फ कॉलेज की नहीं, हजारों छात्रों के भविष्य और शिक्षा के अधिकार की है
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 25 अगस्त, 2026)। के.एस.आर कॉलेज, सरायरंजन को बचाने की मांग को लेकर छात्र संगठनों द्वारा चलाए जा रहे ‘शिक्षा बचाओ सत्याग्रह’ के छठे दिन आंदोलन को राजनीतिक समर्थन मिला। समस्तीपुर के पूर्व विधायक एवं बिहार विधानसभा के पूर्व मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन मंगलवार को धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनरत छात्रों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें नैतिक समर्थन दिया।
इस दौरान शाहीन ने कहा कि के.एस. आर कॉलेज को बचाने की लड़ाई केवल एक शिक्षण संस्थान को बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हजारों छात्रों के भविष्य और शिक्षा के अधिकार की लड़ाई है। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि वे इस आंदोलन के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग करेंगे।
पूर्व विधायक ने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और के. एस. आर कॉलेज को किसी भी तरह प्रभावित नहीं करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के साथ-साथ शिक्षा संस्थानों और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा भी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
धरना स्थल पर मौजूद छात्रों और कार्यकर्ताओं ने अख्तरुल इस्लाम शाहीन का स्वागत किया। उनके समर्थन से आंदोलनरत छात्रों में उत्साह देखा गया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments