हल्की वर्षा में ही समस्तीपुर शहर जलमग्न, नगर निगम पर लापरवाही का आरोप
हल्की वर्षा में ही समस्तीपुर शहर जलमग्न, नगर निगम पर लापरवाही का आरोप
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
जिलाधिकारी हस्तक्षेप कर जिम्मेदार अधिकारियों पर करें कार्रवाई : सुरेंद्र प्रसाद सिंह
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 17 अगस्त 2026)। भाकपा माले के जिला कमिटी सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा है कि हल्की वर्षा होते ही समस्तीपुर शहर के विवेक विहार, काशीपुर, आदर्शनगर सहित दर्जनों मोहल्ले एवं मुख्य सड़कें जलमग्न हो गई हैं। इससे आम लोगों का आवागमन बाधित हो गया है तथा स्थानीय नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की उदासीनता और नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात में शहर की यही स्थिति बन जाती है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से नगर निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि शहर के कई इलाकों में घरों और दुकानों के आसपास पानी जमा होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है तथा जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने और जलजमाव के लिए जिम्मेदार नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर शहरवासियों को जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने तथा नगर निगम की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments