शिक्षा बचाओ सत्याग्रह के चौथे दिन केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय का पुतला दहन, KSR कॉलेज बचाने की मांग तेज
शिक्षा बचाओ सत्याग्रह के चौथे दिन केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय का पुतला दहन, KSR कॉलेज बचाने की मांग तेज
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
एनएसयूआई की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी, पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे का रूट बदलने की मांग; कांग्रेस नेताओं ने आंदोलन को दिया समर्थन
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन कार्यालय न्यूज डेस्क 23 अगस्त 2026)। के. एस. आर. कॉलेज को बचाने की मांग को लेकर एनएसयूआई द्वारा चलाया जा रहा शिक्षा बचाओ सत्याग्रह रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। आंदोलन के दौरान छात्रों ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सह उजियारपुर सांसद नित्यानंद राय का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। एनएसयूआई ने पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित रूट में बदलाव कर KSR कॉलेज को सुरक्षित रखने की मांग की।
पुतला दहन कार्यक्रम का नेतृत्व अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि KSR कॉलेज को बचाने की लड़ाई केवल एक शिक्षण संस्थान की नहीं, बल्कि हजारों छात्रों के भविष्य और शिक्षा के अधिकार की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक्सप्रेसवे के नाम पर शिक्षण संस्थान को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, जिसका एनएसयूआई लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करता रहेगा।
आंदोलन के समर्थन में पहुंचे एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव चुन्नू सिंह ने कहा कि KSR कॉलेज को बचाने का संघर्ष व्यापक रूप से शिक्षा व्यवस्था को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण शिक्षण संस्थानों पर संकट बढ़ रहा है। उन्होंने छात्रों के आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि KSR कॉलेज को सुरक्षित किए जाने तक संघर्ष जारी रहेगा।
जिला कांग्रेस कमिटी, समस्तीपुर के पूर्व अध्यक्ष मो. अबु तमीम ने कहा कि KSR कॉलेज को बचाने की लड़ाई किसी एक संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज और आने वाली पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर शिक्षण संस्थानों को प्रभावित करना छात्रों के हित में नहीं है। कांग्रेस पार्टी छात्रों की लोकतांत्रिक मांगों के समर्थन में सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व महासचिव राम कलेवर प्रसाद सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। KSR कॉलेज पर आया संकट शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने सरकार से विकास योजनाओं को लागू करते समय शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा और छात्रों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की।
एनएसयूआई ने सरकार से मांग की कि पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे का रूट तत्काल बदला जाए और KSR कॉलेज को हर हाल में सुरक्षित रखा जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और शिक्षा बचाओ सत्याग्रह जारी रहेगा।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमिटी के पूर्व महासचिव मुकेश कुमार चौधरी, एससी विभाग के जिला अध्यक्ष भुवनेश्वर राम, कामगार कर्मचारी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष फ़ैज़ अहमद फ़ैज़, डॉ. एन.के. आनंद, हिमांशु कुमार, विवेक विराट, ललन कुमार यादव, गुंजन चौधरी, शहरी जिला उपाध्यक्ष सनातन कुमार बाला, प्रखंड अध्यक्ष आशुतोष कुमार, अब्दुल मालिक, उदय केतु चौधरी, शिवराम ठाकुर, विकास कुमार, संजय चौधरी, आइसा के जिला अध्यक्ष लोकेश राज, उपाध्यक्ष दीपक यदुवंशी, एसएफआई के जिला अध्यक्ष चंदन कुमार, अमन कुमार, शहरी महासचिव अखलाकुर रहमान सिद्दिकी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments