UGC-NET जून 2026 में शिवम् कुमार ने हासिल की सफलता, Ph.D. में प्रवेश के लिए हुए अर्हता
UGC-NET जून 2026 में शिवम् कुमार ने हासिल की सफलता, Ph.D. में प्रवेश के लिए हुए अर्हता
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
पहले ही प्रयास में हिंदी विषय से NET उत्तीर्ण; 81.77 पर्सेंटाइल के साथ ग्रामीण परिवेश से राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान
पूसा/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 30 अगस्त, 2026)। उमा पाण्डेय महाविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर के पूर्व छात्र एवं वर्तमान में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) के हिंदी विभाग में स्नातकोत्तर के छात्र शिवम् कुमार ने UGC-NET जून 2026 की परीक्षा हिंदी विषय से सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर Ph.D. में प्रवेश के लिए अर्हता प्राप्त की है। उन्होंने 300 में से 142 अंक प्राप्त करते हुए 81.7790419 पर्सेंटाइल हासिल किया।
राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल करना शिवम् कुमार की मेहनत, लगन, अनुशासन और अध्ययन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मुजफ्फरपुर जिले के बसंतपुर बखरी निवासी शिवम् कुमार के पिता मनोज कुमार ठाकुर एवं माता मनिता देवी हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता हासिल करना उनके परिवार और क्षेत्र के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।
शिक्षक ने बताया मेधावी और अध्ययनशील विद्यार्थी
शिवम् कुमार की सफलता पर उनके शिक्षक एवं हिंदी के सहायक प्राध्यापक, उमा पाण्डेय महाविद्यालय, डॉ. वृन्दावन लाल जाटव ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिवम् एक मेधावी, अध्ययनशील, जिज्ञासु एवं संवेदनशील विद्यार्थी रहे हैं। हिंदी साहित्य के प्रति उनकी रुचि, निरंतर अध्ययन और सामाजिक सरोकारों के प्रति सजगता उल्लेखनीय रही है।
डॉ. जाटव ने कहा कि UGC-NET जैसी राष्ट्रीय परीक्षा में पहले प्रयास में सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिवम् की सफलता प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिवम् आगे शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में बेहतर मुकाम हासिल करेंगे तथा आगामी प्रयास में JRF भी प्राप्त करेंगे।
महाविद्यालय के शिक्षकों ने दी बधाई
उमा पाण्डेय महाविद्यालय, पूसा के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. भवेश कुमार शांडिल्य, प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार यादव, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. मुकेश महतो, डॉ. विनीत विमल, डॉ. राजेश रंजन, डॉ. अशोक कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने शिवम् कुमार की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
शिक्षकों ने कहा कि शिवम् की यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा, शोध और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करेगी।
RYA जिला सचिव रौशन कुमार ने बताया प्रेरणादायक उपलब्धि इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) के जिला सचिव सह पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी रौशन कुमार ने भी शिवम् कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले शिवम् की सफलता छात्र-युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिवम् आने वाले समय में JRF हासिल कर शोध के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाएंगे।
रौशन कुमार ने बताया कि शिवम् कुमार ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की उमा पाण्डेय महाविद्यालय इकाई के उपाध्यक्ष भी रहे हैं। इसके साथ ही वे कवि के रूप में साहित्यिक गतिविधियों से भी जुड़े रहे हैं। शिक्षा, साहित्य और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी सक्रियता ने उन्हें छात्र-युवाओं के बीच अलग पहचान दिलाई है।
शिवम् कुमार की सफलता पर उनके परिवार, शिक्षकों, सहपाठियों, आइसा साथियों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments