108 कन्याओं के साथ सादगीपूर्ण कलश शोभायात्रा, दुर्गा मां की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी

108 कन्याओं के साथ सादगीपूर्ण कलश शोभायात्रा, दुर्गा मां की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी

जनक्रांति कार्यालय से राजीव झा की रिपोर्ट 
खगड़िया के चौथम अंचल स्थित बुच्चा गाँव में बिना डीजे के महिलाओं ने गाए भक्ति गीत, कोसी नदी से जल लेकर पहुंचे श्रद्धालु

खगड़िया,बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 4 सितम्बर, 2026)। चौथम अंचल के बुच्चा गाँव में दुर्गा मंदिर में स्थापित सीमेंट और छड़ से निर्मित मां दुर्गा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शुक्रवार को एक भव्य लेकिन सादगीपूर्ण कलश शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर 108 कन्याओं ने कलश यात्रा में भाग लिया।
विशेष बात यह रही कि शोभायात्रा में डीजे और तेज ध्वनि वाले संगीत का प्रयोग नहीं किया गया। इसके बजाय गाँव की महिलाओं ने पारंपरिक एवं भक्ति गीत गाते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गाँव के युवाओं और श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के जयकारों के साथ पूरे उत्साह एवं श्रद्धा से शोभायात्रा में भाग लिया।
कलश यात्रा बुच्चा गाँव स्थित कोसी नदी पहुंची, जहां से 108 कन्याओं द्वारा पवित्र जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु और ग्रामीण मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए सादगी और अनुशासन के साथ मंदिर परिसर तक पहुंचे।
ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों में अनावश्यक तेज आवाज और डीजे के प्रयोग से बचते हुए श्रद्धा एवं परंपरा के अनुरूप आयोजन किया जाना चाहिए। बुच्चा गाँव की इस सादगीपूर्ण पहल को लोगों ने सराहनीय बताते हुए अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण माना।
इस कलश शोभायात्रा को सफल बनाने में समाजसेवी अमरेन्द्र साह उर्फ गोपाल साह, सीताराम चौधरी, गणेश चौधरी, केदार चौधरी, लालबाबू चौधरी, लालो चौधरी, बाघो चौधरी महंत जी, जयकांत साह, बिजो ठाकुर, फोचो चौधरी एवं अरबिंद पंडित की सराहनीय भूमिका रही। सभी ने ग्रामीणों को साथ लेकर शोभायात्रा को मंदिर के मुख्य द्वार तक सफलतापूर्वक पहुंचाया।
बुच्चा गाँव की यह पहल धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक संवेदनशीलता और सादगी का भी एक प्रेरक संदेश देती है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments