श्रम मंत्रालय के आमंत्रण पर समस्तीपुर से 11 सदस्यीय सामाजिक संगठन का प्रतिनिधिमंडल नोएडा पहुंचा
श्रम मंत्रालय के आमंत्रण पर समस्तीपुर से 11 सदस्यीय सामाजिक संगठन का प्रतिनिधिमंडल नोएडा पहुंचा
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कौशल विकास रणनीतियों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम में होंगे शामिल, 18 सितंबर तक चलेगा प्रशिक्षण
समस्तीपुर/नोएडा(जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 14 सितम्बर, 2026)। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के आमंत्रण पर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कौशल विकास रणनीतियों के विकास विषय पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए समस्तीपुर, बिहार से 11 सदस्यीय सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल नोएडा, उत्तर प्रदेश पहुंच गया है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वीवी गिरि राष्ट्रीय श्रम संस्थान, नोएडा में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य असंगठित अर्थव्यवस्था से जुड़े श्रमिकों के कौशल विकास, प्रशिक्षण की प्रभावी रणनीतियों और उनके रोजगारपरक विकास से संबंधित विषयों पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षित करना है।
समस्तीपुर से प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों में एनजीओ संघ बिहार के सचिव अधिवक्ता डॉ. संजय कुमार बबलू, रेलवे ट्रेड यूनियन नेता संतोष कुमार निराला, स्वदेश संगठन की निर्मला पाठक, एकता युवा मंडल के मोहम्मद एजाज, प्रगति आदर्श सेवा केंद्र की कविता मुखरिया, गुलशन कुमार, प्रियेश कुमार, स्पोर्ट्स क्लब मालदह के रुपेश कुमार, हीरा कुमार एवं मनीष कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल हैं।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का कहना है कि असंगठित क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में श्रमिकों के कौशल को विकसित करने तथा उन्हें बेहतर रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम 18 सितंबर तक चलेगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को भारत सरकार की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भागीदारी से उम्मीद है कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी और अनुभव को बिहार में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के बीच सामाजिक संगठनों के माध्यम से आगे पहुंचाया जा सकेगा।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments