12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, डीएम ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, डीएम ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
ट्रैफिक चालान के निपटारे का सुनहरा मौका, नियमानुसार 50 प्रतिशत तक की छूट का मिल सकता है लाभ
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 10 सितंबर 2026)। 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर समस्तीपुर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आम लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार राष्ट्रीय लोक अदालत में यातायात से संबंधित लंबित चालानों के निपटारे पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिन वाहन मालिकों के ट्रैफिक चालान लंबित हैं, वे राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से नियमानुसार 50 प्रतिशत तक की छूट का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक वाहन मालिक आवश्यक प्रक्रिया के लिए आज और कल आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने लंबित मामलों का नियमानुसार निपटारा कराया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत के इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने लंबित मामलों का त्वरित एवं सुलभ समाधान कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत भाग लें।
जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत में उपलब्ध सुविधाओं, लंबित मामलों के निपटारे तथा यातायात चालान से संबंधित छूट के प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी।
मौके पर उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण कुमार, सदर एसडीओ राकेश कुमार, अपर समाहर्ता बृजेश कुमार, अपर जिला परिवहन पदाधिकारी सौरव कुमार, अजय कुमार सिंह एवं अधिवक्ता रवि शंकर चौधरी समेत कई पदाधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments