2 अक्टूबर को फतेहपुर पंचायत भवन पर खेग्रामस का धरना-प्रदर्शन
2 अक्टूबर को फतेहपुर पंचायत भवन पर खेग्रामस का धरना-प्रदर्शन
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
भूमिहीनों को जमीन का पर्चा, सरकारी जमीन पर बसे परिवारों को अधिकार और ग्रामीण मजदूरों को रोजगार देने समेत कई मांगें उठेंगी
ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 29 सितंबर,2026)। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के बैनर तले आगामी 2 अक्टूबर को ताजपुर प्रखंड के फतेहपुर पंचायत भवन पर ग्रामीण गरीबों की विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता एवं भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचलाधिकारी (सीओ) को लिखित सूचना दी।
आयोजकों के अनुसार धरना-प्रदर्शन के दौरान भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा देने, सरकारी जमीन पर बसे परिवारों को कानूनी अधिकार दिलाने, जीरामजी योजना के तहत काम उपलब्ध कराने, ग्रामीण मजदूरों को नियमित रोजगार देने तथा काम का उचित पारिश्रमिक सुनिश्चित करने सहित अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, प्रमोद साह, राजेंद्र साह, संजीव राय, राजेश कुमार, सुनीता देवी, संजय कुमार समेत अन्य लोगों ने अपने विचार रखे। बैठक की अध्यक्षता खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने की, जबकि संचालन भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि ग्रामीण गरीबों, भूमिहीन परिवारों, सरकारी जमीन पर बसे लोगों, पर्चाधारियों और मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने संबंधित लोगों से 2 अक्टूबर को फतेहपुर पंचायत भवन पहुंचकर धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।
आयोजकों ने कहा कि धरना-प्रदर्शन के माध्यम से ग्रामीण गरीबों की लंबित समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा और मांगों के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की मांग की जाएगी।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments