बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ 3 सितंबर को एसडीओ कार्यालय पर प्रदर्शन, तैयारी तेज

बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ 3 सितंबर को एसडीओ कार्यालय पर प्रदर्शन, तैयारी तेज

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
दर्जनभर मुसहरी बस्तियों में नुक्कड़ सभा कर माले ने लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की

ताजपुर/समस्तीपुर, बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 2 सितंबर,2026)। मुसहर एवं अन्य दलित - गरीब बस्तियों में बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर 3 सितंबर को समस्तीपुर अनुमंडलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित प्रदर्शन की तैयारी तेज कर दी गई है।
भाकपा (माले) की ओर से रैयती एवं सरकारी जमीन पर वर्षों से बसे गरीब परिवारों को वासगीत पर्चा और आवास उपलब्ध कराने, भूमिहीन परिवारों को वासभूमि देने तथा दलित-गरीब गांवों एवं टोलों में पहुंचपथ की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को भाकपा (माले) के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, किसान नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मनोज कुमार सिंह एवं सामाजिक कार्यकर्ता अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रखंड की दर्जनभर मुसहरी बस्तियों में नुक्कड़ सभाएं आयोजित की गईं। इस दौरान लोगों से 3 सितंबर को होने वाले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई।
नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गरीबों और दलितों की बस्तियों पर बुलडोजर चलाना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि रैयती एवं सरकारी जमीन पर वर्षों से बसे मुसहर एवं अन्य गरीब परिवारों को वासगीत पर्चा, आवास तथा भूमि अधिकार दिया जाए। साथ ही भूमिहीन परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराई जाए और गांव-टोलों तक आवागमन के लिए सड़क एवं पहुंचपथ का निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मुसहरी क्षेत्रों में बुलडोजर चलाने, जलनिकासी को प्रभावित करने वाले गड्ढे खोदने तथा जलनिकासी के लिए बने सरकारी बहा (नाला) को भरने जैसी कार्रवाइयों के लिए ताजपुर की अंचलाधिकारी आरती कुमारी जिम्मेदार हैं। उन्होंने इन मामलों की जांच कर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
भाकपा (माले) नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि ताजपुर क्षेत्र में सड़कों और सरकारी जमीनों पर दबंगों एवं भू-माफियाओं का कब्जा है। उनके अनुसार, दर्जनों एकड़ सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है, जबकि गरीबों की बस्तियों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। नेताओं ने प्रशासन से इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की।
सभा में मौजूद लोगों से अपने अधिकारों की रक्षा और मांगों के समर्थन में 3 सितंबर को सुबह 11 बजे समस्तीपुर शहर के सरकारी बस स्टैंड से निकलने वाले जुलूस तथा अनुमंडलाधिकारी कार्यालय पर आयोजित प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments