इलाज के नाम पर आयुष्मान कार्ड से 60 हजार रुपये निकालने का आरोप, पीड़ित ने की जांच की मांग

इलाज के नाम पर आयुष्मान कार्ड से 60 हजार रुपये निकालने का आरोप, पीड़ित ने की जांच की मांग

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
पैर के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा मरीज, नकद रुपये लेने के साथ आयुष्मान कार्ड से भी राशि निकालने का आरोप; दोषियों पर कार्रवाई की मांग

समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 8 सितम्बर, 2026)। जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज के नाम पर कथित अनियमितता का गंभीर मामला सामने आया है। एक पीड़ित मरीज उमेश साह ने आरोप लगाया है कि पैर के इलाज के दौरान माँ कमला इमरजेंसी हॉस्पिटल उससे अलग - अलग मदों में नकद रुपये लिए गए और इसके साथ ही उसके आयुष्मान कार्ड से करीब 60 हजार रुपये की राशि भी निकाल ली गई।
पीड़ित उमेश साह द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए आवेदन के अनुसार, पैर में गंभीर समस्या होने के बाद वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा था। आरोप है कि इलाज के दौरान विभिन्न तिथियों में उससे दवा, ड्रेसिंग और अन्य खर्च के नाम पर नकद राशि ली गई। इसके बावजूद आयुष्मान योजना के तहत उसके कार्ड से करीब 60,000 रुपये का भुगतान दिखाए जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित का कहना है कि इलाज के बावजूद उसका पैर पूरी तरह ठीक नहीं हुआ है। उसने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों से जांच कराने की मांग की है।
आवेदन में यह भी आशंका जताई गई है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो आयुष्मान योजना के तहत अन्य मरीजों के साथ भी कथित तौर पर हुई अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है।
पीड़ित ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अब बड़ा सवाल यह है कि गरीबों और जरूरतमंदों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने वाली आयुष्मान योजना में कहीं मरीजों के नाम पर फर्जी या अनियमित भुगतान तो नहीं किया जा रहा..? इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments