देवका गाँव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले की तैयारी जोर-शोर से, आयोजन को दिया जा रहा अंतिम रूप
देवका गाँव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले की तैयारी जोर-शोर से, आयोजन को दिया जा रहा अंतिम रूप
जनक्रांति कार्यालय से राजीव झा की रिपोर्ट
चौथम प्रखंड के देवका स्थित राम-जानकी मंदिर परिसर में 4 से 7 सितंबर तक धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, नाटक और ऑर्केस्ट्रा से होगा दर्शकों का मनोरंजन
खगड़िया,बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 1 सितम्बर, 2026)। खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड अंतर्गत देवका गाँव स्थित ऐतिहासिक राम-जानकी मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन समिति द्वारा मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
बताया जाता है कि पहले देवका गाँव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर केवल भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती थी और बाद में प्रतिमा का विसर्जन कर दिया जाता था। उस समय यहां मेले का आयोजन नहीं होता था।
बाद में गाँव के युवाओं और समाजसेवियों ने मिलकर इस धार्मिक आयोजन को एक भव्य मेले का स्वरूप दिया। इस पहल में राजीव झा (पत्रकार), गौरी झा, राजीव भगत, दिलीप साह, स्वर्गीय खलठू बाबा, प्रमोद सिंह, कैलू सरपंच, बिलयन साह एवं गरीब मुंशी सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनके संयुक्त प्रयास से देवका में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले की शुरुआत हुई और तभी से यहां प्रतिवर्ष भव्य आयोजन किया जाता रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार, 4 सितंबर 2026 की रात्रि में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 5 और 6 सितंबर की रात्रि में नाट्य कार्यक्रमों का मंचन किया जाएगा, जिसमें ‘घुंघरू’ और ‘समर्पण’ जैसे नाटकों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन होगा।
वहीं, 7 सितंबर को दर्शकों के भरपूर मनोरंजन के लिए नाट्य कला परिषद की ओर से ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक देवका पहुँचकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेंगे।
राजीव झा ने बताया कि आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और इस बार का श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments