बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़! कभी भी गिर सकती है मध्य विद्यालय नवादा की जर्जर दीवार

बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़! कभी भी गिर सकती है मध्य विद्यालय नवादा की जर्जर दीवार

जनक्रांति कार्यालय से राजीव झा की रिपोर्ट 
एचएम द्वारा विभाग को कई बार पत्र देने के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, चौथम प्रखंड शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

खगड़िया,बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 2 सितम्बर, 2026)। बच्चों की सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग कितना गंभीर है, इसकी तस्वीर चौथम प्रखंड के मध्य विद्यालय नवादा में साफ दिखाई दे रही है। विद्यालय परिसर में मौजूद एक पुरानी और अत्यंत जर्जर दीवार कभी भी हादसे का कारण बन सकती है।
फोटो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि दीवार की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है।
 जगह-जगह प्लास्टर उखड़ चुका है, ईंटें दिखाई दे रही हैं और दीवार कमजोर हालत में खड़ी है। ऐसे में अगर आसपास खेलते समय किसी बच्चे के ऊपर यह जर्जर दीवार गिर गई, तो एक बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय स्तर पर सवाल उठाया जा रहा है कि आखिर चौथम प्रखंड के शिक्षा पदाधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान क्यों नहीं दे रहे हैं? क्या शिक्षा विभाग किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है?
बताया गया है कि मध्य विद्यालय नवादा के प्रधानाध्यापक द्वारा इस जर्जर भवन और दीवार की स्थिति से विभाग को कई बार पत्र देकर अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा यह मामला बेहद गंभीर है और विभाग को बिना किसी देरी के जर्जर हिस्से को हटाकर सुरक्षित व्यवस्था करनी चाहिए।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या शिक्षा विभाग समय रहते कार्रवाई करेगा, या फिर किसी दुर्घटना के बाद ही जिम्मेदार अधिकारियों की नींद खुलेगी.?
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments