जगतसिंहपुर छेड़खानी मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग, दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो ऐपवा करेगी आंदोलन

जगतसिंहपुर छेड़खानी मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग, दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो ऐपवा करेगी आंदोलन

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर प्राथमिकी और गिरफ्तारी की मांग, महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस - प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील

समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन डिजिटल न्यूज़ डेस्क 24 सितंबर, 2026)। समस्तीपुर जिलान्तर्गत कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर बांध पर युवती के साथ कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार से जुड़े वायरल वीडियो मामले में महिला संगठन ऐपवा ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में आरोपियों की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज करते हुए उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई, तो ऐपवा आंदोलन करेगी।
ऐपवा की समस्तीपुर जिलाध्यक्ष बंदना सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो में एक युवक और युवती के कहीं जाने के दौरान कुछ युवकों द्वारा उन्हें रोकने और उनका पीछा करने का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवती के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप है।
बंदना सिंह ने कहा कि घटना के एक दिन बाद भी मामले में पुलिस की ओर से आरोपियों की पहचान और कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए पुलिस-प्रशासन से त्वरित और निष्पक्ष जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस-प्रशासन की जिम्मेदारी है। मामले की जांच कर वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान की जाए, प्राथमिकी दर्ज की जाए और दोषी पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
ऐपवा जिलाध्यक्ष ने यह भी मांग की कि कथित पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन संवेदनशीलता के साथ मामले को देखे। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस जल्द कार्रवाई नहीं करती है, तो ऐपवा मामले को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments