तमिलनाडु में दोस्त की जान बचाने के दौरान समस्तीपुर के गुलशन कुमार की हत्या, परिवार ने मांगा त्वरित न्याय और मुआवजा
तमिलनाडु में दोस्त की जान बचाने के दौरान समस्तीपुर के गुलशन कुमार की हत्या, परिवार ने मांगा त्वरित न्याय और मुआवजा
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
कांचीपुरम में प्रवासी मजदूरों के विवाद के दौरान चाकू से गले पर वार का आरोप, 27 वर्षीय गुलशन की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
समस्तीपुर/शिवाजीनगर,बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन डिजिटल न्यूज़ डेस्क 23 सितम्बर, 2026)। तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले में बिहार के समस्तीपुर निवासी 27 वर्षीय युवक गुलशन कुमार की हत्या का मामला सामने आया है। गुलशन कुमार शिवाजीनगर प्रखंड के धर्मपुर गांव के रहने वाले थे और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालने के लिए तमिलनाडु में काम कर रहे थे। घटना के बाद मृतक के परिवार और ग्रामीणों ने मामले में त्वरित न्याय, फास्ट-ट्रैक सुनवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
बताया गया है कि गुलशन कुमार कांचीपुरम जिले के कट्टारमबक्कम क्षेत्र स्थित हुंडई मोबिस कंपनी में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। 16 सितंबर 2026 की रात नूकालथम्मन मंदिर के समीप प्रवासी मजदूरों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने गुलशन के दोस्त नीतीश कुमार (25) पर हमला कर दिया।
परिवार की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, नीतीश को बचाने के लिए गुलशन कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने गुलशन को पीछे से पकड़ लिया और दूसरे व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनके गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुलशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त नीतीश भी घायल बताया गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद धर्मपुर गांव में शोक की लहर है। मृतक के परिवार के अनुसार गुलशन ही घर की आय का प्रमुख सहारा थे। उनके परिवार में वृद्ध माता-पिता, पत्नी चंदा देवी, दो छोटे बेटे हर्षित और हर्ष तथा एक छोटी बहन हैं। परिजनों का कहना है कि गुलशन की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
परिवार की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बताया गया कि गुलशन के पिता और पत्नी तमिलनाडु की दूरी और आर्थिक कठिनाइयों के कारण उनके अंतिम दर्शन तक नहीं कर सके। मजबूरी में उनका अंतिम संस्कार चेन्नई में ही किया गया।
इस मामले को लेकर कुन्दन भारद्वाज ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि गुलशन ने अपने दोस्त की जान बचाने के प्रयास में अपनी जान गंवाई। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, सुनवाई को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र न्याय दिलाया जाए तथा मृतक के आश्रित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments