जमुई छात्रा उत्पीड़न के विरोध में समस्तीपुर में प्रतिवाद जुलूस, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

जमुई छात्रा उत्पीड़न के विरोध में समस्तीपुर में प्रतिवाद जुलूस, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
नागरिक समाज, आइसा और ऐपवा के संयुक्त बैनर तले प्रदर्शन; महिला व छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उठी आवाज

समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन डिजिटल न्यूज़ डेस्क 23 सितंबर 2026)। बिहार के जमुई में स्कूली छात्रा के साथ कथित मारपीट एवं यौन उत्पीड़न की घटना के विरोध में मंगलवार की शाम समस्तीपुर शहर में नागरिक समाज, आइसा और ऐपवा के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिवाद जुलूस निकाला गया। जुलूस के बाद ओवरब्रिज चौराहा स्थित कर्पूरी प्रतिमा स्थल पर सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर घटना के प्रति आक्रोश जताया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सभा की संयुक्त अध्यक्षता ऐपवा की जिला अध्यक्ष बंदना सिंह और आइसा के जिला अध्यक्ष लोकेश राज ने की। संचालन भाकपा माले जिला कमिटी सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह एवं आइसा जिला सचिव सुनील कुमार सिंह ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए नागरिक समाज के दीनबंधु प्रसाद एवं जितेंद्र कुमार, भाकपा माले के जितेंद्र कुशवाहा एवं रामलाल राम, आइसा के दीपक यदुवंशी, धीरज कुमार एवं हिमांशु कुमार, राजद के राम विनोद पासवान, कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह हजारी, सामाजिक कार्यकर्ता शाहिद हुसैन, एनजीओ संघ के अधिवक्ता संजय कुमार बबलू, रेलवे ट्रेड यूनियन के संतोष कुमार निराला और सामाजिक कार्यकर्ता अशोक कुमार समेत अन्य वक्ताओं ने घटना की निंदा की।
वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ होने वाली घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने जमुई मामले में आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और कानून के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़िता को न्याय, सुरक्षा और समुचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग राज्य सरकार से की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने महिला एवं छात्राओं की सुरक्षा, कानून के प्रभावी क्रियान्वयन तथा महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में ऐपवा जिला अध्यक्ष बंदना सिंह ने कहा कि जिले में छेड़खानी से जुड़े मामलों में आरोपितों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोपितों को संरक्षण देने के बजाय कानून के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की।
प्रदर्शन के अंत में प्रतिभागियों ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा ऐसी घटनाओं के खिलाफ लगातार आवाज उठाने का संकल्प लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला फूंककर जमुई छात्रा उत्पीड़न मामले का विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments