अटेरन चौक रेल गुमटी पर ओवरब्रिज समेत विकास की विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय
अटेरन चौक रेल गुमटी पर ओवरब्रिज समेत विकास की विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
चीनी मिल व पेपर मिल चालू कराने, दुधपूरा हवाई अड्डे के जीर्णोद्धार और नई रेल लाइनों के निर्माण की मांग
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 13 सितंबर 2026)। अटेरन चौक रेल गुमटी पर ओवरब्रिज निर्माण सहित जिले की विभिन्न विकास संबंधी मांगों को लेकर जिला विकास संघर्ष मोर्चा एवं रेल विकास-विस्तार मंच की संयुक्त बैठक रविवार को डीआरएम चौक पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शंकर प्रसाद साह ने की।
बैठक में दीनबंधु प्रसाद, शाहीद हुसैन, विश्वनाथ सिंह हजारी, मनोज कुमार राय, राम विनोद पासवान, शत्रुघ्न राय पंजी, राकेश ठाकुर, विश्वनाथ गुप्ता सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने जिले में लंबित विकास कार्यों को गति देने तथा जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर संघर्ष तेज करने पर जोर दिया।
बैठक में अटेरन चौक रेल गुमटी पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा समस्तीपुर की बंद पड़ी चीनी मिल एवं पेपर मिल को पुनः चालू करने, दुधपूरा हवाई अड्डे का जीर्णोद्धार कर परिचालन शुरू करने तथा मुक्तापुर–कुशेश्वरस्थान, कर्पूरीग्राम–ताजपुर–भगवानपुर और दलसिंहसराय–पटोरी नई रेल लाइन के निर्माण की मांग की गई।
वक्ताओं ने कहा कि समस्तीपुर जंक्शन पर वाशिंग पिट का निर्माण कराया जाए, ताकि लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा सके। साथ ही जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार और लंबित रेल परियोजनाओं को गति देने के लिए ठोस पहल की आवश्यकता जताई गई।
बैठक में इन सभी मांगों को लेकर आगे भी आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में आगामी 20 सितंबर को निर्माणाधीन मुक्तापुर रेल ओवरब्रिज का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि जिले के विकास से जुड़ी इन मांगों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा और संबंधित विभागों एवं सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments