जूट हस्तशिल्प प्रशिक्षण केंद्र का एमएलसी डॉ. तरुण कुमार ने किया औचक निरीक्षण

जूट हस्तशिल्प प्रशिक्षण केंद्र का एमएलसी डॉ. तरुण कुमार ने किया औचक निरीक्षण

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार जूट उत्पादों की सराहना, रोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की पहल को बताया सराहनीय

समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन डिजिटल न्यूज़ डेस्क 20 सितम्बर, 2026)। जिले के स्वयं सहायता समूह भवन, परतापुर में राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा प्रायोजित आजीविका एवं उद्यम विकास कार्यक्रम (एलईडीपी) के तहत अनमोल उपहार सेवा फाउंडेशन (औसेफा) द्वारा आयोजित 20 दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के 13वें दिन मानवाधिकार समिति के अध्यक्ष सह बिहार विधान परिषद के सदस्य डॉ. तरुण कुमार ने औचक निरीक्षण किया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को जूट के रेशे से हस्तशिल्प उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण देकर उन्हें आजीविका एवं स्वरोजगार से जोड़ना है। निरीक्षण के दौरान डॉ. तरुण कुमार ने प्रशिक्षण ले रहीं महिलाओं से संवाद किया और उनके द्वारा तैयार किए गए जूट उत्पादों के बारे में जानकारी ली।
महिलाओं ने उन्हें जूट के रेशे से तैयार पेन स्टैंड, फूल, डलिया, तना, सिखा, वॉल हैंगिंग सहित विभिन्न हस्तशिल्प उत्पाद दिखाए। उत्पादों की गुणवत्ता और महिलाओं की रचनात्मकता की सराहना करते हुए डॉ. कुमार ने नाबार्ड एवं औसेफा की इस रोजगारोन्मुखी पहल को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि जूट से तैयार हस्तशिल्प उत्पाद पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार का बेहतर माध्यम बन सकते हैं। ऐसे प्रशिक्षण से महिलाओं में रोजगार सृजन, आत्मनिर्भरता और पारंपरिक कला के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में इस तरह की पहल महत्वपूर्ण है।
इसके बाद डॉ. तरुण कुमार ने नाबार्ड के सौजन्य से जिले के चीनी मिल चौक स्थित मिथिला ग्राम नाबार्ड रूरल मार्ट का भी अवलोकन किया। यहां ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए मिथिला पेंटिंग सहित विभिन्न उत्पादों को देखकर उन्होंने उनकी सराहना की।
मौके पर नाबार्ड के डीडीएम अभिनव कृष्ण ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर के मेलों में भी प्रदर्शित करने की पहल की जा रही है। अक्टूबर एवं नवंबर माह में भोपाल और चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले मेलों में महिलाओं को अपने उत्पादों के साथ भाग लेने के लिए भेजा जाएगा।
इस अवसर पर औसेफा के सचिव ललित कुमार, कलाकार प्रेरणा कुमारी, प्रशिक्षक धर्मेंद्र राम, शिवनाथ महतो सहित करीब 30 प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments