मुक्तापुर रेल गुमटी ओवरब्रिज निर्माण में तेजी की मांग, रेल विस्तार एवं विकास मंच ने किया स्थल निरीक्षण

मुक्तापुर रेल गुमटी ओवरब्रिज निर्माण में तेजी की मांग, रेल विस्तार एवं विकास मंच ने किया स्थल निरीक्षण

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण के साथ दोनों ओर एप्रोच सड़क और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग

समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिंदी न्यूज़ बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 20 सितंबर, 2026)। समस्तीपुर रेल विस्तार एवं विकास मंच की टीम ने रविवार को मुक्तापुर रेल गुमटी पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज (आरओबी) का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। टीम ने स्थानीय दुकानदारों, आम लोगों, वाहन चालकों तथा निर्माण कंपनी के प्रबंधक से बातचीत कर निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं एवं बाधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि बिजली विभाग द्वारा विद्युत पोलों को हटाकर निर्धारित स्थान पर स्थापित करने, वन विभाग द्वारा पेड़-पौधों के स्थानांतरण तथा रेल विभाग द्वारा गुमटी के समीप डायवर्सन मार्ग उपलब्ध कराने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आने की संभावना है। मंच के प्रतिनिधियों ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ओवरब्रिज का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने पर जोर दिया।
मंच के सदस्यों ने कहा कि ओवरब्रिज का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके साथ ही ओवरब्रिज के दोनों ओर समुचित एप्रोच सड़क का निर्माण तथा निर्माण स्थल पर आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क को मोटरेबल यानी वाहन परिचालन के योग्य रखने की मांग की गई।
मंच की ओर से निर्माण कार्य से जुड़ी समस्याओं और स्थानीय लोगों की मांगों को लेकर जिलाधिकारी, डीआरएम सहित अन्य संबंधित उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
निरीक्षण दल में सुरेंद्र प्रसाद सिंह, राकेश कुमार ठाकुर, शंकर प्रसाद साह, राम विनोद पासवान, विश्वनाथ सिंह हजारी, शत्रुघ्न राय पंजी, मनोज कुमार, अशोक कुमार, मो. असगर अंसारी, मिथिलेश कुमार राय सहित मंच के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments