UFBU की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में समस्तीपुर में विशाल रैली और धरना
UFBU की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में समस्तीपुर में विशाल रैली और धरना
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
5-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सैकड़ों बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी सड़क पर उतरे, शांतिपूर्ण मार्च निकालकर जताया विरोध
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 11 सितंबर 2026)। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में समस्तीपुर में बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विशाल धरना-प्रदर्शन और शांतिपूर्ण रैली निकाली। विभिन्न बैंक यूनियनों से जुड़े सैकड़ों अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर इस आंदोलन में शामिल हुए।
रैली का शुभारंभ सुबह करीब 9:30 बजे यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, समस्तीपुर क्षेत्रीय कार्यालय, पंचवटी कॉम्प्लेक्स से हुआ। इसके बाद रैली स्टेट बैंक ऑफ इंडिया कोर्ट कैंपस होते हुए पुल, रामबाबू चौक और विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई गोला रोड तक पहुंची। इस दौरान बैंक कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और शांतिपूर्ण तरीके से मार्च किया।
बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में तुरंत 5-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना, सभी बैंक कर्मियों के लिए समान PLI (Performance Linked Incentive) योजना लागू करना तथा भेदभावपूर्ण PLI व्यवस्था को वापस लेना शामिल है।
आंदोलनकारियों ने यह भी मांग की कि PLI योजना में संशोधन यूनियनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से किया जाए। इसके अलावा बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े सभी लंबित एवं अवशिष्ट मुद्दों (Residual Issues) का भी जल्द समाधान किए जाने की मांग उठाई गई।
रैली में आशुतोष कुमार, विकास कुमार, अवध बिहारी, ब्रजेश कुमार, राजीव कुमार, ज्ञानप्रकाश कुमार, तारकेश्वर कुमार, राकेश कुमार, प्रिंस कुमार, अमित कुमार, शशि शेखर चंद्र सहित बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
बैंक कर्मियों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और इन्हें लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहा है। राष्ट्रव्यापी हड़ताल के तहत समस्तीपुर में भी बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments