भोला टॉकीज ओवरब्रिज निर्माण बंद को शुरू कराने को लेकर 25 अक्टूबर को निकलेगी पदयात्रा

भोला टॉकीज ओवरब्रिज निर्माण बंद को शुरू कराने को लेकर 25 अक्टूबर को निकलेगी पदयात्रा

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
मुक्तापुर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य में तेजी लाने और बंद चीनी मिल चालू कराने की मांग

डीएम व डीआरएम को सौंपा जाएगा स्मारपत्र- सुरेंद्र प्रसाद सिंह 

समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 12 अक्टूबर, 2026)। समस्तीपुर जिला विकास संघर्ष मोर्चा एवं रेल विस्तार-विकास संघर्ष मोर्चा की संयुक्त बैठक सोमवार को डीआरएम चौक पर शंकर प्रसाद साह की अध्यक्षता तथा शत्रुघ्न राय पंजी के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में जिले की प्रमुख विकास योजनाओं को पूरा कराने के लिए आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मुक्तापुर रेल गुमटी पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए बिजली के पोल एवं पेड़-पौधों को हटाने, भोला टॉकीज रेल गुमटी पर बंद पड़े ओवरब्रिज निर्माण कार्य को तमाम बाधाओं को दूर कर पुनः शुरू कराने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही समस्तीपुर की बंद चीनी मिल को चालू कराने की मांग भी की गई।
इन मांगों को लेकर जिलाधिकारी एवं डीआरएम को स्मारपत्र सौंपने, विभिन्न इलाकों में जन-जागरूकता बैठक करने तथा आगामी 25 अक्टूबर को भोला टॉकीज रेल गुमटी स्थित ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर पदयात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। बैठक में मांगों की पूर्ति के लिए अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
मौके पर भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह, दीनबंधु प्रसाद, राजद के राकेश ठाकुर एवं राम विनोद पासवान, कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह हजारी एवं सुशील कुमार तथा सामाजिक कार्यकर्ता शाहीद हुसैन, बैधनाथ चौधरी आदि ने अपने-अपने विचार रखे।
बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि जिले की महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को पूरा कराने के सवाल पर विधायक, सांसद, मंत्री, मेयर एवं उपमेयर, जिप अध्यक्ष की चुप्पी समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों का श्रेय लेने की होड़ में जनप्रतिनिधि आगे रहते हैं, लेकिन जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित पहल नहीं करते। उन्होंने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों को आगामी चुनाव में जिलावासी सबक सिखाएंगे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments